समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिव कुमार राठौर का निधन
आगरा
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यमंत्री शिव कुमार राठौर का रविवार शाम ह्रदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उनका शव सोमवार सुबह तक आगरा आ जाएगा। अंतिम संस्कार शमसाबाद में होगा।
शिव कुमार राठौर ने राजनीतिक शुरुआत शमसाबाद नगरपालिका से 1989 में निर्विरोध सभासद निर्वाचित होकर की थी। उसके बाद 1995 में पहली बार नगर पालिका के चेयरमैन बने। तब से अभी तक इस पद पर उनका कब्जा रहा। वे तीन बार खुद और पिछले दो कार्यकाल से उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी राठौर चेयरमैन हैं। उन्होंने 2002 में पार्टी के टिकट पर छावनी से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था।
