शेखपुरा में शादी में महिलाओं से छेड़खानी का विरोध करने पर मारपीट 

शेखपुरा 
बिहार के शेखपुरा जिले में छेड़खानी के दो अलग-अलग मामलों में रोड़ेबाजी और मारपीट हुई है। पहली घटना बारात में महिलाओं से छेड़खानी को लेकर हुई तो दूसरी घटना शौच के लिए गई बच्ची से छेड़खानी को लेकर हुई। मारपीट और रोड़ेबाजी की घटना कसार थाना के बरनी गांव का है तो दूसरा मामला सदर थाना के बाजिदपुर में घटी। थानाध्यक्ष मो असलम ने बताया कि इस मामले में घायल ललन मंडल एवं राजकुमार मंडल के लिखित बयान के आधार पर गांव के ही एक दर्जन से अधिक लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

बताया जाता है कि 27 अप्रैल को गांव में बारात आयी थी। शादी में ही कुछ लंपटों ने महिलाओं के साथ छेड़खानी की थी। शादी के बाद भी बदमाशों द्वारा छेड़खानी की गई। घरवालों ने जब इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोग रोड़ेबाजी करने लगे। दोनों ओर से जमकर रोड़ेबाजी हुई है। घटना की सूचना पाकर पहुंची कसार थाना पुलिस को भी बदमाशों ने रोड़ेबाजी कर भगा दिया। 

बाद में अरियरी और महुली ओपी की पुलिस पहुंची तब जाकर मामला शांत हो पाया। पुलिस बदमाशों को चिन्हित कर कार्रवाई में जुट गई है। छेड़खानी में मारपीट का दूसरा मामला सदर थाना के बाजिदपुर में घटी। शौच के लिए गई एक बालिका के साथ बदमाशों ने छेड़खानी की। परिवार के पास शिकायत करने गये पीड़िता के माता एवं पिता को भी बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इस संबंध में सदर थाना में गांव के ही एक दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *