गहनों की हॉलमार्किंग की अनिवार्यता स्थगित करने सोनी व रमन करेंगे केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री से चर्चा
रायपुर। सोने के गहनों में हालमार्किंग की अनिवार्यता 1 जून 2021 से पूरे देश में लागू होने जा रही हैं, वहीं सराफा व्यावसायी कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसे स्थगित करने की मांग लगातार कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर 20 कैरेट स्वर्ण आभूषण पर हॉलमार्किंग की मान्यता देने की मांग कर रहेंगे। इसी परिप्रेक्ष में रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू के अनुरोध पर रायपुर सांसद सुनील व पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री श्री पीयूष गोयल हॉलमार्किंग की अनिवार्यता को कोरोना काल कर स्थिति जब तक सामान्य नहीं हो जाती तब तक स्थगित करने व 20 कैरेट स्वर्ण आभूषण को मान्यता देने के संदभ में चर्चा करने की बात कहीं।
श्री मालू ने बताया कि कोरोना संक्रमण के फैलाव के कारण पूरे देश में आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार पूरे देश में 1 जून से सोने के गहनों पर हालमार्किंग की अनिवार्यता लागू करने जा रही हैं। इस संदर्भ में पिछले दिनों रायपुर सराफा एसोसिएशन के द्वारा केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री श्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर इसे स्थगित करने की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक इस संदर्भ में केंद्र सरकार द्वारा कोई भी निर्णय नहीं लिया गया हैं।
वहीं दूसरी ओर 20 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी को हॉलमार्किंग की मान्यता देने केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री श्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा जा चुका है क्योंकि 20 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी की मांग ज्यादा रहती है। यह ज्वलेरी अत्यधिक मजबूत होने के साथ ही कम वजन में बन जाते हैं इी कारण पूरे देश में 70 प्रतिशत लोग 20 कैरेट ज्वेलरी में अपने और अपने परिवार के लिए गहना बनवाते हैं।
इसी को देखते हुए रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू ने रायपुर सांसद श्री सुनील सोनी व पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह को इस संदर्भ में अवगत कराया। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए कोरोना काल की जब तक सामान्य स्थिति में नहीं आ जाती तब तक हालमार्किंग की अनिवार्यता को स्थगित करने व आमजनता की मांग को देखते हुए 20 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी पर भी हॉलमार्किंग की मान्यता में लाने के संदर्भ में केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री श्री पीयूष गोयल से चर्चा कर बात करने की बात सांसद सुनील सोनी व पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहीं।
श्री मालू ने कहा कि कोरोना संक्रमण के फैलाव के कारण सराफा व्यवसाय भी अत्यधिक प्रभावित हुआ है और व्यवसाय को पुन: पूर्ववत स्थिति में लाने के लिए उन्हें काफी लंबा समय लग सकता है।
