भुवनेश्वर से एयरलिफ्ट कराए गए 4 टैंकर, हरियाणा में ऑक्सीजन का संकट दूर होगा

चंडीगढ़
कोरोना के बढ़ते मरीजों के बीच हरियाणा सरकार ने ओडिशा के भुवनेश्वर से ऑक्सीजन टैंकर मंगवाए हैं। कल तक वहां से ऑक्सीजन के चार टैंकर एयरलिफ्ट करवाए जा चुके थे। जिनमें से 2 टैंकर गुरुवार को और 2 शुक्रवार को एयरलिफ्ट कराए गए हैं। जनसंपर्क एवं सूचना विभाग की ओर से बताया गया कि, आज यानी कि शनिवार को ऑक्सीजन के टैंकर भुवनेश्वर के अंगुल टाटा प्लांट से हरियाणा पहुंचेंगे। ज्ञातव्य है कि हरियाणा में ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार देर रात बैठक की थी। 

जहां उन्होंने बताया था कि शुक्रवार को ऑक्सीजन के चार टैंकर राउरकेला प्लांट से और पहुंच रहे हैं। उसके बाद टैंकर हरियाणा लाए गए और ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ गई। सरकार का कहना है कि, अब हरियाणा में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध होगी। इससे पहले मुख्यमंत्री के विशेष आग्रह पर केन्द्र सरकार की तरफ से हरियाणा का आॅक्सीजन का कोटा 70 मीट्रिक तक बढ़ाकर 232 मीट्रिक टन कर दिया गया है। 

हालांकि, हरियाणा सरकार की मांग है कि, प्रदेश के लिए ऑक्सीजन कोटा 300 मीट्रिक टन प्रतिदिन किया जाए। अब तक प्रदेश को रोजाना 162 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही थी, और ऑक्सीजन का यह स्टॉक कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज के लिए कम पड़ रहा था। यही वजह है कि, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव निपुण विनायक ने हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा को पत्र लिखकर आॅक्सीजन-कोटा बढ़ाने की जानकारी दी थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *