ज्वेलरी शॉप में घुसकर तीन बदमाशों ने लूटे दो लाख के जेवर
पटना
बिहार की राजधानी में बेखौफ अपराधियों ने चांदी का ब्रेसलेट लेने के बहाने ज्वेलरी शॉप में घुसकर दिनदहाड़े लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। घटना चौक थाना से आधा किलोमीटर की दूरी पर हाजीगंज स्थित स्वर्णरेखा ज्वेलर्स में दोपहर करीब पौने तीन बजे घटी। दुकानदार अशोक कुमार ने बताया कि वे दोपहर में दुकान में बैठे थे। तभी करीब बाइस साल का एक लड़का आया और चांदी की ब्रेसलेट की मांग की। उन्होंने कहा कि ब्रेसलेट नहीं है तो वह चला गया और थोड़ी देर बाद वह एक और लड़का के साथ दुकान में घुसा और रिवाल्वर सटाकर लूटपाट करने लगा। उसके पीछे से एक और बदमाश दुकान में आ गया और काउंटर में लगा चांदी का पायल, सिक्का, बिछिया कमरधन्नी समेत पांच सौ रुपये लेकर पैदल ही भाग निकला। बदमाशों ने करीब दो लाख रुपए के जेवर लूट लिए। घटना के वक्त सड़क विरान था। आसपास के दुकानदारों को भी इसकी भनक नहीं लगी।
दुकान में लूटपाट करने के बाद तीन की संख्या में रहे लुटेरे पैदल ही मारुफगंज की ओर भाग निकले। तीनों लुटेरे बाइस से चौबीस साल के थे। घटना की जानकारी होते ही चौक पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरु की। चौक थानाध्यक्ष गौरीशंकर गुप्ता ने बताया कि दुकान के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर बदमाशों की पहचान की जा रही है। पुलिस संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है। इधर पटना सिटी स्वर्ण व्यवसायी संघ के अध्यक्ष शशिशेखर रस्तोगी ने घटना पर आक्रोश वरूक्त करते हुए कहा कि सन्नाटा के कारण जेवर दुकानों में लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही है। सोने चांदी के दुकान और कपड़ों की दुकान खोलेने की दिन समान हो, जिससे कि बाजार में चहल पहल रहे। हाजीगंज व्यवसायी संघ के महासचिव ओमप्रकाश पासवान , शशिकांत शुक्ला, राजीव रंजन, विनय कुमार बिट्टू ने भी लूटपाट की घटना पर नाराजगी जताते हुए अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने और दुकानदारों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग रखी है।
