बिना पर्ची के बेच रहा था एमके मेडिकोज दवाई, कलेक्टर ने किया सील
कोरबा। बिना डॉक्टर की पर्ची के दीपका शहर के मध्य स्थित एमके मेडिकोज लोगों को सर्दी व बुखार की दवाई बेचते हुए कलेक्टर किरण कौशल ने रंगे हाथों पकड़ लिया और तत्काल मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। मेडिकल संचालक के पास बुखार व सर्दी की दवाईओं के अलावा अन्य बेची गई दवाईओं का कोई रिकार्ड नहीं था। इसके चलते यह कार्रवाई की गई।
कलेक्टर किरण कौशल कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते लगातार खुद सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। इसी के तहत शुक्रवार को वह अफसरों के साथ निरीक्षण करते हुए दीपका पहुंच गईं। वहां मेन रोड पर मेडिकल स्टोर एमके मेडिकोज को देखा तो एक कर्मचारी को सर्दी और बुखा की दवाई खरीदने के लिए भेजा। इसके बाद संचालक ने बिना पर्चे के ही सर्दी-बुखार की दवाई दे दी। इसके बाद कलेक्टर खुद मेडिकल स्टोर पहुंच गईं और दवाई लेने वालों के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन संचालक कोई रिकार्ड नहीं दिखा सका। इसके बाद उन्होंने मेडिकल स्टोर को सील करने के आदेश दे दिए।
अफसरों की ओर से बताया गया कि सर्दी, खांसी और बुखार की आमतौर पर दवाइयां बेचने पर रोक है। कोविड की प्रोफेलैक्सिस किट में आम सर्दी-खांसी की दवाइयां नहीं है। उसमें तय एंटी बायोटिक और एंटी वायरल ड्रग हैं इसके बाद भी एमके मेडिकोज आम लोगों को बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाई दे रहा था।
