गोरखपुर में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही, दो विधायकों सहित 320 संक्रमित मिले, 4 की मौत
गोरखपुर
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। संक्रमण की रफ्तार पिछले साल की तुलना में इस बार काफी ज्यादा है। जिले में शनिवार को रिकॉर्ड 320 नए मरीज मिले हैं। यह पिछले साल सितंबर के पहले पखवारे के बाद सबसे ज्यादा संख्या है। शनिवार को चार मरीजों की मौत भी बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई है। इसमें दो जिले के रहने वाले हैं। जबकि एक एक आजमगढ़ और बस्ती के रहने वाले हैं। संक्रमितों में पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह और नौतनवां विधायक अमन मणि त्रिपाठी समेत नगर आयुक्त और सरदारनगर ब्लॉक के 10 लोग शामिल हैं। इनमें चुनाव कराने पहुंचे एआरओ, ड्राइवर और सफाई कर्मी भी शामिल हैं। बता दें कि नौ सितंबर को पिछले साल सबसे अधिक 420 मरीज मिले थे।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि 320 मरीज मिलने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या 23436 पहुंच गई है। इनमें 21400 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। मौत का आंकड़ा 369 से बढ़कर 371 हो गया है। एक्टिव केस की स्थिति दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। मौजूदा समय में एक्टिव केस का आंकड़ा डेढ़ हजार के पार 1694 पहुंच गया है। बताया कि शहरी थाना क्षेत्र में कुल 173 नए मरीज मिले हैं। शहरी थाना क्षेत्रों की बात करें तो सबसे अधिक कैंट 49, शाहपुर 29, कोतवाली 26, गोरखनाथ 34, तिवारीपुर 18, रामगढ़ताल 10, राजघाट में सात मरीज मिले हैं। जबकि ग्रामीण थाना क्षेत्र में 143 नए मरीज मिले हैं। इनमें गोला सात, गगहा दो, पिपरौली चार, पिपराइच तीन, ब्रह्मपुर एक, जंगल कौड़िया नौ, बांसगांव दो, उरुवा, पाली, खजनी, भटहट में चार-चार, खोराबार 19, कैंपियरगंज दो, बड़हलगंज 10, सहजनवां 10 और चरगांवा में 56 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा चार मरीज अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं। सीएमओ ने कहा कि लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में लोग सतर्क रहें और सुरक्षित रहते हुए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें।
