सबसे बड़ा विस्फोट , एक दिन में 1.52 लाख नए केस से दहशत

 नई दिल्ली 
 देश में कोरोना का कहर दिन-प्रतिदिन नए रिकॉर्ड कायम कर रहा है, जो डराने वाले हैं। शनिवार को रोजाना संक्रमण के नए मामले 24 घंटों के दौरान डेढ़ लाख के आंकड़े को भी पार कर गया। कोरोना महामारी की शुरुआत से अब तक प्रतिदिन मिलने वाले संक्रमितों की यह सर्वाधिक संख्या है। इससे एक दिन पहले यानी शुक्रवार को एक दिन में कोरोना के 1.45 लाख नए केस मिले थे। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखकर ऐसा लग रहा है कि दूसरी लहर का कहर जल्द ही देश को पाबंदियों की जद में ला देगा। 

स्वास्थ्य मंत्रालय के लेटेस्ट आंकड़ों के मुताबिक, भारत में शनिवार को एक दिन में यानी बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 152,682 नए पॉजिटिव केस मिले। इस दौरान मौत के आंकडों में भी बड़ा इजाफा देखने को मिला और 24 घंटे में ही करीब 834 लोगों की मौतें भी हो गईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शनिवार रात तक कोरोना के 152,682 नए मामले मिलने से देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13358608 हो गई है। 

मौत के आंकड़ों पर गौर करें तो अक्टूबर के बाद एक दिन में मरने वालों की यह सबसे अधिक संख्या है। इस तरह से देश में कोरोना वायरस महामारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 169270 हो गई है। देश में संक्रमित लोगों की दैनिक संख्या लगातार 32वें दिन बढ़ी है। अभी 10,46,631 संक्रमित लोगों का उपचार चल रहा है, जो अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या का 7.93 प्रतिशत है। कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर गिरकर 90.80 प्रतिशत रह गई है। देश में 12 फरवरी को सबसे कम 1,35,926 उपचाराधीन मरीज थे। यह संख्या उस समय के कुल मामलों का 1.25 प्रतिशत थी। फिलाहल 1,19,90,859 लोग संक्रमित होने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना मृत्यु दर 1.28 प्रतिशत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *