फेसबुक में हुई दोस्ती, शादी करने जा रहे थे पुणे, रेलवे सुरक्षा बल ने सौंपा घरवालों को
रायपुर। फेसबुक में तीन माह पहले झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में रहने युवक -युवती की दोस्ती हुई और कुछ ही दिनों में दोनों में प्यार हो गया और दोनों परिवार वालों को बिना बताए शादी करने के लिए पुणे जाने की तैयारी में थे कि रायपुर रेलवे स्टेशन में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और घरवालों को सूचना देकर उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया।
सुरक्षा नियंत्रण कक्ष चक्रधरपुर मंडल दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा सुरक्षा नियंत्रण कक्ष रायपुर रेलवे को सूचना दी गई कि गाड़ी संख्या 02280 हावडा-पूर्ण आजाद हिंद स्पेशल गाडी में एक लड़का एवं एक लड़की पश्चिम सिंहभूम, झारखंड अपने घर से भागकर जा रहे हैं। सूचना पर रायपुर मंडल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल हरीश पापोला ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दो टीमों का गठन कर घर से भागे लड़के और लड़की की तलाश के लिए तैनात कर दिया। एक टीम रेसुब भाटापारा की थी, जिसे उपरोक्त गाड़ी की चेकिंग में भाटापारा से रायपुर तक रवाना किया गया। दूसरी टीम रेसुब पोस्ट रायपुर की थी, जिसे उक्त ट्रेन को रायपुर स्टेशन में चेकिंग के लिए लगाया गया। दोनों टीमों द्वारा सयुक्त कार्यवाही करते हुए उपरोक्त दोनों, लड़के एवं लड़की को उक्त ट्रेन के कोच संख्या एस/06 के बर्थ नंबर 49 एवं 52 में यात्रा करते हुए तलाश लिया।
वे खडगपुर से पुणे तक की यात्रा कर रहे थे। लड़की के निवास स्थान थाना जगन्नाथपुर जिला पश्चिम सिंहभूम, झारखंड को जानकारी देकर लड़के एवं लड़की का फोटो मंगवाई गई। फोटो द्वारा दोनों की पहचान होने पर इन्हें रायपुर रेलवे स्टेशन में उतारकर पुलिस थाना जगन्नाथपुर जिला पश्चिम सिंहभूम, झारखंड को सूचना दी गई। साथ ही साथ लड़की के परिवार वालों को भी इसकी सूचना दी गई। लड़की के परिवार वालों द्वारा जानकारी दी गई कि लड़की के गुमशुदगी के संबंध में गुमशुदगी रिपोर्ट जगन्नाथपुर थाना में दर्ज कराई गई है। गुरुवार आठ अप्रैल को पुलिस थाना जगन्नाथपुर जिला पश्चिम सिंहभूम, झारखंड के उप निरीक्षक जॉनी कुमार व स्टाफ के साथ रेसुब पोस्ट रायपुर में उपस्थित होने पर दोनो को उनके परिवार के समक्ष सही सलामत सुपूर्द किया गया। लड़का तथा लड़की से जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि दोनो का एक दूसरे से परिचय लगभग तीन माह पूर्व फेसबुक के माध्यम से हुआ था। दोनों एक दूसरे से पूर्व में कभी नहीं मिले थे। दोनों शादी के लिए बिना परिवार के सहमति के पुणे जा रहे थे।
