शिवरात्रि पर हुए विवाद के चलते पटना में युवक की चाकू से गोदकर हत्या

पटना 
बिहार की राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के बड़ी पटनदेवी मंदिर के पास पंचवटी कॉलोनी में शुक्रवार की रात बदमाशों ने एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कंकड़बाग थाना क्षेत्र में रहने वाला मुकेश चौधरी (20 वर्षीय) के रूप में हुई है। वह चैलीटाल स्थित ननिहाल आया हुआ था। 

घटना की जानकारी मिलते ही आलमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसी भेज दिया। आसपास के लोगों ने बताया कि शुक्रवार की शाम मुकेश ननिहाल से निकलकर पंचवटी कॉलोनी पहुंचा। यहां पहले से मौजूद बदमाशों ने उसके सीने में चाकू मार दी। वह खून से लतपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देकर बदमाश गली के रास्ते भाग निकले। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उसे गंभीर स्थिति में इलाज के लिए एनएमसीएच ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस का कहना है कि परिजनों ने बताया कि टकला और बलवा से शिवरात्रि के दिन किसी बात को लेकर मुकेश का झगड़ा हुआ था। इसी को लेकर मुकेश की हत्या की गयी है। आलमगंज थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही आरोपितों की गिरफ्तार होगी। डीएसपी अमित शरण ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की।       

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *