नवादा जहरीली शराबकांड: विशेष टीम भेजी गई है, सभी मौतों की होगी पूरी जांच: सीएम नीतीश

पटना नवादा 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि नवादा में हुई लोगों की मौत के मामले की पूरी जांच होगी। मुख्यालय से शुक्रवार को विशेष टीम वहां पर जांच के लिए भेजी गई है। यह टीम एक-एक चीज को देखेगी। एक-एक चीज के बारे में पता लगाएगी। इसके बाद हर चीज पर जो जरूरी कार्रवाई है, वह सब की जाएगी। पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि ये जो कुछ भी हुआ है, उसके बारे में हमने वरीय पदाधिकारियों से पूछा था। ये सबलोग जांच कर रहे हैं। यहां से भी कुछ लोग गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां के भी अधिकारियों का कुछ कहना है। फिर भी जो बात समाचार पत्रों में आ रही है, उसको लेकर आज से यहां की विशेष टीम जांच में गई है। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय टीम शुक्रवार की शाम नवादा पहुंची। टीम आईजी मद्य निषेध अमृत राज के नेतृत्व में शाम करीब छह बजे नवादा सर्किट हाउस पहुंची तथा नवादा के जिलाधिकारी यशपाल मीणा और एसपी धुरत सायली सावलाराम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने अब तक नवादा में घटी पूरी घटना व की गयी कार्रवाई से जांच टीम को अवगत कराया। कयास लगाया जा रहा है कि जांच टीम मृतकों के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी लेगी। जांच के बाद टीम अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेगी। जांच टीम में आयुक्त उत्पाद सह निबंधन महानिरीक्षक बी कार्तिकेय धनजी, संयुक्त आयुक्त मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग कृष्णा प्रसाद व एसपी मद्य निषेध पटना संजय कुमार सिंह के अलावा अधीक्षक मद्य निषेध नालंदा विजय शेखर दुबे शामिल थे।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *