हर घर तिरंगा: 75वीं वर्षगांठ पर कुल 1.52 करोड़ राष्ट्रध्वज से तिरंगामय बनेगा प्रदेश

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर कुल 1.52 करोड़ तिरंगे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा। यह राष्ट्रभक्ति की भावना का कार्यक्रम है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर जिलों में बैठक बुलाएं। धर्मगुरु, राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता, रहवासी संघ के प्रमुख, व्यापारी, एनजीओ, सामाजिक क्षेत्रों के साथ बैठक कर ज्यादा से ज्यादा लोगो को प्रेरित करने के लिए कहें और सबकी सहभागिता के साथ अभियान के लिए जुटें।

सीएम चौहान ने कलेक्टरों, संभागायुक्तों, आईजी-कमिश्नर के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान ये निर्देश दिए। हर घर तिरंगा की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, एसीएस होम राजेश राजौरा, डीजीपी सुधीर सक्सेना समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में प्रमुख सचिव संस्कृति शिवशेखर शुक्ला ने प्रजेंटेशन दिया। इसमें बताया गया कि स्थानीय स्तर पर 1.2 करोड़ तिरंगे बनाने का कार्य किया जा रहा है। सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाएं भी तिरंगा बनाने में जुटी हैं। लगभग 50 लाख तिरंगे केंद्र सरकार से मिलेंगे। अब तक स्थानीय स्तर पर 63 लाख तिरंगे बन गए है और 20 लाख तिरंगे केंद्र से मिल गए हैं। प्र्रदेश के समस्त जिलों में तिरंगा वितरण के लिए अभी 36 हजार वितरण केन्द्र बनाए गए हैं।

 प्रचार प्रसार के लिए केंद्र शासन की वेबसाइट हरघरतिरंगाडॉटकाम पर तिरंगे के साथ फोटो/सेल्फी अपलोड कर पोस्ट कर सकते है और वहां से सर्टिफिकेट ले सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश शासन के सभी विभागों की सभी वेबसाइट को ओपन करने पर तिरंगा अभियान की जानकारी बैनर के रूप में मिलेगी, इसकी शुरुआत जल्द हो जएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *