अमेरिका में गोलीबारी: हिरासत में लिया गया एक संदिग्ध, 6 लोगों की हुई थी मौत

 अमेरिका
 
अमेरिका में शिकागो शहर के हाईलैंड पार्क के निकट सोमवार को स्वतंत्रता दिवस परेड के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। मामले में पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि हमलावर ने किसी इमारत की छत पर से गोलीबारी की। मामले की जांच कर रही पुलिस ने 22 वर्षीय रॉबर्ट ई क्रीमो तृतीय को हिरासत में लिया है। शुरुआत में ही बताया जा रहा था कि हमलावर श्वेत व्यक्ति है, जिसने सफेद और नीले रंग की टी शर्ट पहन रखी है।

लेक काउंटी मेजर क्राइम टास्क फोर्स के प्रवक्ता क्रिस्टोफर कोवेली ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमलावर ने किसी छत पर से राइफल से परेड में शामिल लोगों पर गोलीबारी की और वह राइफल बरामद कर ली गई है। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि उसने किस इमारत की छत से गोलीबारी की। कोवेली ने कहा कि पुलिस का मानना ​​है कि केवल एक शूटर ने इस हमले को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्होंने खून से लथपथ शव देखे हैं, जिनपर कंबल ढंके हुए हैं और सैंकड़ों लोग जान बचाकर भाग रहे हैं। सन-टाइम्सने खबर दी है कि परेड सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई, लेकिन गोलीबारी होते ही 10 मिनट बाद इसे रोक दिया गया।सन टाइम्स के संवाददाता ने कहा कि उसने खून में लथपथ कुछ शवों पर कंबल ढंका हुआ देखा है। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने समाचार पत्र को बताया कि उन्होंने गोलीबारी की आवाज सुनी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *