तिहाड़ में रची गई मूसेवाला की हत्या की प्लानिंग,NIA और CBI जांच की मांग
नई दिल्ली
सिद्धू मूसेवाला की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक 30 राउंड फायर किए गए. हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य लक्की ने ली है. लेकिन इस मर्डर में अब नया खुलासा हुआ है. सिद्धू की हत्या कहीं और नहीं, बल्कि दिल्ली की तिहाड़ जेल में रची गई थी. दरअसल, लॉरेंस बिश्नोई ने वर्चुअल नंबरो से विदेश में मौजूद गोल्डी बरार से कई बार बात की थी.
तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से पंजाब पुलिस पूछताछ करेगी. पंजाब पुलिस लॉरेंस को रिमांड पर ले सकती है. लारेंस बिश्नोई तिहाड़ की जेल नम्बर 8 की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है. वह जेल से ही गैंग को ऑपरेट करता है.
सिद्धू मूसेवाला के पिता ने पंजाब के सीएम को लिखा पत्र, उठाई NIA और CBI जांच की मांग
लॉरेंस बिश्नोई के गैंग के गुर्गों की संख्या करीब 700 के पार है, जिसमें प्रोफेशनल शूटर भी शामिल हैं. बिश्नोई शराब माफियाओं से रंगदारी वसूल करता है. लॉरेंस और उसका गैंग पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश समेत दूसरे देशों में फैला हुआ है. लॉरेंस का क्राइम पार्टनर है कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी, जिस पर एक वक्त 5 लाख का इनाम था. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने जठेड़ी को गिरफ्तार कर लिया था.
सिद्धू को लगातार मिल रही थीं धमकियां
मूसावाला के पिता बलकौर सिंह ने भी दावा किया है कि उनके बेटे को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग की तरफ से धमकियां मिल रही थीं और फिरौती मांगी जा रही थी. पिता के मुताबिक, मूसावाला को कई बार फिरौती के लिए धमकी भरे फोन आए थे. पिता बलकौर सिंह ने कहा कि धमकियों की वजह से परिवार ने बुलेटप्रूफ फॉर्चूनर कार भी खरीदी हुई थी. लेकिन रविवार को सिद्धू अपने दो दोस्तों (गुरविंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह) के साथ थार कार से कहीं निकला था. पिता ने बताया कि बुलेटप्रूफ कार और गममैन दोनों को ही सिद्धू घरपर छोड़ कर गए थे.
इस वजह से निशाने पर था मूसावाला?
सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के साथी कनाडा बेस्ड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली है. सूत्रों की मानें तो सिद्धू मूसेवाला बिश्नोई गैंग के विरोधी कैंप को सपोर्ट कर रहा थे. इसी वजह से सिद्धू मूसेवाला लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर था.
गुर्गों पर रखी जा रही कड़ी नजर
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद दिल्ली की अलग-अलग जेलों बंद गैंगस्टर नीरज बावनिया, टिल्लू ताजपुरिया और लारेंस बिश्नोई के गुर्गों पर खास नजर रखी जा रही है.
सिद्ध मूसावाला से थी पुरानी रंजिश
सूत्रों ने आज तक को बताया कि 8 अगस्त 2021 को मोहाली में दिन दहाड़े यूथ अकाली लीडर विक्की मिडुखेड़ा की हत्या की गई थी. विक्की पंजाब के गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई का बेहद करीबी था. हत्याकांड में सिद्धू मोसेवाला के मैनेजर शगन प्रीत सिंह का नाम सामने आया था. पुलिस मैनेजर तक पहुंच पाती, उसके पहले ही वो भारत से फरार होकर ऑस्ट्रेलिया पहुंच गया.
सूत्रों ने बताया कि अगस्त 2021 में मोहाली में Vicky Middukhera की हत्या का बदला लेने के लिए लारेंस बिश्नोई गैंग सिद्धू पर हमले की फिराक में था. लारेंस बिश्नोई फिलहाल जेल में बंद है. बताया जा रहा है कि वह जेल से गैंग ऑपरेट कर रहा है. इस गैंग के लोग कनाडा समेत विदेशों में मौजूद हैं. कनाडा में बैठे लारेंस बिश्नोई के करीबी गोल्डी बरार ने ये भी दावा किया है कि विकी के अलावा उसके खुद के भाई गुरुलाल बरार की हत्या के पीछे भी सिद्धू मोसेवाला था, लेकिन अपने रसूख के दम पर वो बच गया था.
अब दावा किया जा रहा है कि सिद्धू के मर्डर में अब वही बोलेरो कार इस्तेमाल हुई है जिसे भोला और सोनू रेकी के दौरान इस्तेमाल करते थे. पूछताछ में कुल 8 नाम सामने आए हैं, जिन्होंने सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों की मदद की
1. गोल्डी बराड़
2. लॉरेंस बिश्नोई
3. सचिन (मनकीरत औलख का मैनेजर)
4. जग्मू भगवानपुरिया
5. अमित काजला
6. सोनू काजल और बिट्टू (दोनों हरियाणा के)
7. सतेंदर काला (फरीदाबाद सेक्टर 8)
8. अजय गिल
शाहरुख गोल्डी बराड़ से सिग्नल ऐप (Signal App) से बातचीत करता था. उसका फोन फिलहाल स्पेशल सेल ने जब्त किया हुआ है. उससे और जानकारी सामने आ सकती है. वहीं दावा किया गया है कि लॉरेंज बिश्नोई तिहाड़ जेल में भी फोन का इस्तेमाल करता है.
