इनेलो में ओपी चौटाला को फिर चार साल कैद पर निराशा, अभय बोले- हाई कोर्ट में सजा को देंगे चुनौती

चंडीगढ़
हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को आय से अधिक संपत्ति के मामले में चार साल की कैद की सजा सुनाए जाने के बाद इनेलो में निराशा छा गई है। ओमप्रकाश चौटाला के छोटे पुत्र और इनेलो महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि दिल्‍ली कोर्ट के फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे।

ओमप्रकाश चौटाला को सजा सुनाए जाने के बाद अभय चौटाला भी कोर्ट पहुंचे। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि इस फैसले के खिलाफ दिल्‍ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। उन्‍होंने कहा कि कोर्ट के इस फैसले से धक्‍का लगा है। दूसरी ओर, ओमप्रकाश चौटाला काे कैद की सजा सुनाए जाने के बाद इनेलो के नेताओं और कार्यकर्ताओं में निराशा छा गई।

बता दें कि ओमप्रकाश चौटाला कुछ‍ समय पहले ही जेबीटी भर्ती मामले में सजा पूरी कर दिल्‍ली की तिहाड़ जेल से रिहा हुए थे और अब उनको फिर चार साल के लिए तिहाड़ जेल जाना पड़ेगा। इनेलो के कई नेताओं ने चौटाला को आय से अधिक संपत्ति के मामले में कैद की सजा सुनाने पर दुख और निराशा जाहिर की। उनका कहना है कि चौटाला को इस मामले में साजिश के तहत फंसाया गया।   

बता दें  कि इससे पहले ओमप्रकाश चौटाला को कोर्ट द्वारा आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद जजपा नेता और चौटाला के पोते दिग्विजय चौटाला ने भी दुख व निराशा जताई थी। दिग्विजय ने कहा था कि  ओमप्रकाश चौटाला को इस उम्र में जेल की उचित नहीं है। उन्‍हाेंने इसके लिए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर पूरी साजिश रचने का आरोप लगाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *