IAS पूजा सिंघल की और बढ़ी मुश्किलें, ईडी ने कोल्हान के तीनों जिलों के खनन अधिकारियों को पेशी के लिए बुलाया

जमशेदपुर
पूर्व खान सचिव पूजा सिंघल पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा जैसे-जैसे कसता जा रहा है, नए-नए चेहरे भी सामने आते जा रहे हैं। इसी कड़ी में नया नाम कोल्हान के तीनों जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) का आया है, जिन्हें ईडी का नोटिस भेजा गया है। बताया जाता है कि इन्हें गुरुवार को रांची में ईडी ने पेशी के लिए बुलाया है। कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम के जिला खनन पदाधिकारी संजय कुमार शर्मा, सरायकेला-खरसावां के जिला खनन पदाधिकारी सन्नी कुमार व पश्चिमी सिंहभूम के जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने नोटिस मिलने के बाद अपना फोन बंद कर लिया है, लेकिन कार्यालय व विभाग से जुड़े लोगों में इस बात की चर्चा जोर-शोर से हो रही है। पूर्वी सिंहभूम के डीएमओ को जिले में आए करीब पांच माह ही हुए हैं, लेकिन सरायकेला के डीएमओ सन्नी कुमार करीब तीन वर्ष से यहां पदस्थापित हैं। इससे पहले संजय शर्मा सरायकेला में भी पदस्थापित रहे हैं।

तीनों जिलों के डीएमओ एक ही बैच के अधिकारी
बहरहाल, अब तक जो बात सामने आई है, उसके मुताबिक कोल्हान के तीनों डीएमओ एक ही बैच के अधिकारी हैं। इसमें सबसे ज्यादा बालू खनन सरायकेला-खरसावां में ही हुआ है। एसडीओ रंजीत लोहरा ने एक माह पहले डीएमओ के खिलाफ अवैध बालू लदी गाड़ियों को छोड़ देने की शिकायत उपायुक्त अरवा राजकमल से की थी। इसके बाद उपायुक्त ने अपर उपायुक्त सुबोध कुमार के नेतृत्व में जांच कमेटी का भी गठन कर दिया है। पंचायत चुनाव की वजह से कमेटी ने अब तक जांच शुरू नहीं की है, लेकिन चुनाव के बाद जांच में क्या होता है, देखने वाली बात होगी। फिलहाल, सबकी नजर इस बात पर है कि ईडी की पूछताछ में इनसे क्या निकलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *