BU की स्टडी: मटमैले पानी से प्रैक्टिकल के सैंपल हो रहे फेल

भोपाल
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में करीब दो दर्जन विभाग संचालित हो रहे हैं, जिनमें पानी की किल्लत मची हुई है। जहां विद्यार्थी पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। इसलिये विद्यार्थियों के कंठ को तर करने के लिये बीयू ने टेंकर से पानी सप्लाई शुरू करा दी है। इसमें कई बार मटमैला पानी आने के कारण विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल के सैंपल फेल हो गए हैं। इसकी शिकायत होने के बाद पानी की स्वच्छता पर खास फोकस किया जा रहा है।

बीयू हर दिन तीन टेंकर पानी खरीद रहा
बीयू औसतन हर दिन तीन टेंकर पानी को 700 रुपये के हिसाब से खरीद रहा है। यहां तक स्टाफ क्वाटर में पानी की सप्लाई करने के लिये बीयू में बने कुओं में टेंकरों का पानी डाला जा रहा है। पानी के लिये बीयू के स्वयं के ज्यादा अच्छे स्त्रोत नहीं हैं, जिसके कारण हमेशा बीयू परिसर में पानी की समस्या बनी रहती है। इस संबंध में बीयू प्रबंधन नगर निगम से कई बार पत्र व्यवहार कर चुका है, लेकिन नगर निगम की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। जबकि बीयू समूचे भोपाल समेत सात जिलों की एक मात्र यूनिवर्सिटी है, जो विद्यार्थियों को बड़ी संख्या में अध्ययन कराती है।  

गंदे पानी से परखनली में जमा कीच
बीयू में कुछ साइंस के विभाग हैं। जहां विद्यार्थी कैमिकल्स का उपयोग कर प्रैक्टिकल करते हैं। टेंकरों की गंदे पानी को परख नली में रखने से उनके प्रैक्टिकल के सैंपल खराब हो गये। यहां तक उनमें कीच तक जम गया। जब इसकी शिकायत इंजीनियर विभाग से की गई, तो उन्होंने साफ पानी सप्लाई पर फोकस करना शुरू कर दिया है।

बीयू ने जारी किये 9 परीक्षाओं के रिजल्ट
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय 2021-22 सत्र के लिए हुईं वार्षिक परीक्षाओं में से बीएससी सेकंड ईयर, बीएससी होम साइंस फाइनल ईयर, बीकॉम आॅनर्स सेकंड ईयर, बीकॉम आॅनर्स फाइनल ईयर रेगुलर, बैचलर आॅफ कम्प्यूटर एप्लीकेशन सेकंड और थर्ड ईयर, बीबीए सेकंड और फाइनल ईयर के रिजल्ट जारी कर दिए हैं। उक्त परीक्षाएं अप्रैल में हुई थीं। दो साल में कोविडकाल के कारण पूरा सत्र गड़बड़ा गया था। उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के बाद बीयू ने द्वितीय और तीसरे वर्ष की परीक्षाएं पूर्ण करा ली हैं, जिसके बाद उनके रिजल्ट आने का सिलसिला शुरू हो गया है। शेष रिजल्ट भी जल्द जारी होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *