पोस्टमास्टर ने IPL सट्टेबाजी में गंवा दिए 1 करोड़ रुपये, दांव पर लगाई 24 परिवारों की फिक्स्ड डिपॉजिट
भोपाल
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाते हुए मध्य प्रदेश में एक पोस्टमास्टर ने एक करोड़ रुपये गंवा दिए। आरोप है कि उसने सट्टेबाजी के लिए दो दर्जन परिवारों की 1 करोड़ रुपये की सेविंग को दांव पर लगाया था। परिवारों का फिक्स्ड डिपॉजिट का पैसा सागर जिले के एक उप डाकघर में जमा किया जाना था। बीना उप डाकघर के पोस्टमास्टर विशाल अहिरवार को 20 मई को बीना राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि उसने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि आरोपी पोस्टमास्टर ने फर्जी एफडी खातों के लिए असली पासबुक जारी की और पिछले दो साल से आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी में पूरा पैसा लगा दिया।
बीना-जीआरपी ने कहा, "गिरफ्तार किए गए सब पोस्टमास्टर विशाल अहिरवार पर अभी धारा 420 आईपीसी (धोखाधड़ी) और 408 आईपीसी (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच के नतीजे के आधार पर मामले में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।" थाना प्रभारी अजय धुर्वे ने यह जानकारी दी।
इससे पहले मध्य प्रदेश में ही जबलपुर में कथित रूप से ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले गिरोह के दो लोगों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने पत्रकारों को बताया कि यहां राइट टाउन में मनोज संपाल और दीपक रजक को सतीश संपाल नामक एक आनलाइन सट्टेबाज गिरोह के कैश कलेक्शन सेंटर से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ आरोपी अमित शर्मा और विवेक पांडे फरार हैं। एक गुप्त सूचना पर छापेमारी की गई। हमें सेंटर में एक लॉकर से 21.55 लाख रुपए मिले जबकि लॉकर की सील, सट्टेबाजी का लेनदेन रजिस्टर, चेक बुक तथा संपत्ति के दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचित किया गया है।
