भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का कराया जाएगा सेवा सत्यापन
भोपाल
मध्यप्रदेश कॉडर के सभी भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का सेवा सत्यापन कराया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने राजस्व मंडल, सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्त और कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि यह कार्यवाही कर राज्य शासन को तत्काल भिजवाएं।
दरअसल वित्त विभाग को यह जानकारी मिली है कि आईएएस अधिकारियों का सेवा सत्यापन कर समय पर नहीं भिजवाया जा रहा है। मैदानी स्तर पर यह ज्यादा हो रहा है। इसके चलते जब आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होते है तो उनके पेंशन प्रकरणो का निराकरण समय पर नहीं हो पा रहा है। भारत सरकार के जनरल फायनेंशियल रुल्क के रुल 81 और वित्त विभाग के निर्देशों के अनुक्रम में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का सेवा सत्यापन विवरण यथा समय राज्य शासन को भेजा जाना आवश्यक है ताकि सेवानिवृत्ति पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के पेंशन प्रकरणों का समय पर निराकरण हो सके।
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभाग प्रमुखों को कहा है कि भारत सरकार एवं वित्त विभाग के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष एक अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 तक की अवधि का सेवा सत्यापन विवरण निर्धारित प्रारुप में भरकर उन्हें भुगतान किये गये वेतन भत्तों एवं कटौत्रों की माहवार जानकारी विवरण सहित 31 मई 2022 तक अनिवार्य रुप से सामान्य प्रशासन विभाग कक्ष छह को भिजवाने का कष्ट करे।
