विमानन विभाग: जेट खरीदने तीसरी बार बढ़ाया समय, तीस मई तक बुलाए प्रस्ताव
भोपाल
विमानन विभाग ने राज्य के हवाई बेड़े में जेट विमान शामिल करने के लिए विमान खरीदने निजी कंपनियों से आवेदन बुलाने तीसरी बार समयसीमा बढ़ा दी है। अब तीस मई तक इसके लिए कंपनियों से आवेदन बुलाए गए है।
पिछले साल छह मई को राज्य सरकार के विमानन बेड़े में शामिल विमान टर्बो प्रॉप 250 ग्वालियर में क्रैश हो गया था। तब से वह खराब पड़ा है। उसकी मरम्मत संभव नहीं हो पा रही है इसलिए राज्य सरकार एक नया जेट विमान खरीदने जा रही है। नौ सीटर जेट विमान खरीदने के लिए विमानन विभाग ने पहले 12 मई तक निजी कंपनियों से ईओआई आमंत्रित किए थे। बाद में कुछ और संशोधनों के साथ 26 मई तक इसके लिए समयसीमा बढ़ाई गई। अब एक बार फिर तीसरी बार विमानन विभाग ने जेट विमान खरीदने के लिए आॅफर बुलाने समयसीमा बढ़ाकर तीस मई कर दी है।
तीस मई को जो प्रस्ताव विमानन विभाग के पास जाएंगे उसमें पहले तकनीकी निविदा खोली जाएंगी। इसमें जिन कंपनियों के प्रस्ताव उपयुक्त पाए जाएंगे एक दिन बाद इन्हीं कंपनियों के वित्तीय प्रस्ताव खोले जाएंगे। इसमें जो प्रस्ताव सबसे कम दर का आएगा उसे मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित हाईपावर कमेटी के पास भेजा जाएगा। वे उसका पूरा परीक्षण करने के बाद खरीदी के लिए स्वीकृति देंगे। लगभग डेढ़ सौ करोड़ से सात सौ करोड़ तक कीमत के बीच जेट विमान बेचने के लिए प्रस्ताव आने की संभावना है।
सीनियर पायलट निलंबित, जूनियर की विभागीय जांच जारी
टर्बो प्राप 250 के ग्वालियर में क्रैश होने के मामले में सीनियर पायलट माजिद अख्तर निलंबित चल रहे है। उनकी विभागीय जांच भी जारी है। साथ ही इस विमान में क्रैश होने वाले दिन सवार जूनियर पायलट शिव जायसवाल को विमानन विभाग ने निलंबित तो नहीं किया लेकिन उनकी भी विभागीय जांच जारी है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर इन दोनो पायलटों पर सख्त कार्यवाही होने के आसार है।
