मस्जिद के बाहरी हिस्से पर केंद्रित है अजय मिश्र की रिपोर्ट, अदालत ने रिकॉर्ड में लिया
वाराणसी
पूर्व कोर्ट कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने बुधवार को सिविल जज की कोर्ट में अपनी जो सर्वे रिपोर्ट पेश की है, वह ज्ञानवापी मस्जिद के बाहरी हिस्से पर अधिक केन्द्रित है। इस रिपोर्ट के अंदर की बातें जानने के लिए लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है। गुरुवार को जब सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की अदालत में 14 से 16 मई के बीच हुए सर्वे की रिपोर्ट पेश होगी, तब पूर्व कमिश्नर की रिपोर्ट पर भी विचार होगा।
पूर्व में नियुक्त कोर्ट कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने छह और सात मई को हुई कमीशन की कार्यवाही का ब्योरा बुधवार को सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की कोर्ट में पेश कर दिया। अदालत ने दो पेज की रिपोर्ट को रिकॉर्ड में ले लिया है। अब 14 से 16 मई के बीच की सर्वे रिपोर्ट के भी 19 मई को कोर्ट के सामने पेश होने की संभावना है। प्राचीन आदि विश्वेश्वर परिसर के बारे में राखी सिंह आदि बनाम प्रदेश सरकार आदि के वाद में सिविल जज रवि दिवाकर ने कोर्ट कमीशन का आदेश दिया था। राखी आदि वादियों ने शृंगार गौरी व अन्य विग्रहों की वस्तुस्थिति जानने व उनके दर्शन के अधिकार को याचिका दायर की थी।
बंद तहखाने की कमीशन कार्यवाही की मांग
नंदी के सामने पूरब तरफ एक बंद तहखाना है। उसे सीमेंट व ईंट-पत्थर से बंद कर दिया गया है। वहीं उत्तर तरफ एक दरवाजा है, जिसे तोड़कर उसकी कमीशन कराने की अर्जी दी गई है।
