देश की राजधानी दिल्ली में आज से फिर हाई होने वाला है पारा

नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में बीते दो दिन भले राहत भरे रहे हों लेकिन बुधवार से एक बार फिर तापमान बढ़ने के आसार हैं। हालांकि तापमान में यह बढ़ोतरी लंबे समय के लिए नहीं होगी। तीन दिन बाद मौसम फिर करवट लेगा और तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री पहुंच सकता है।

मंगलवार को कैसा रहा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तामपान 41.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1 डिग्री अधिक 27.5 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 27 से 57 प्रतिशत तक रहा। वहीं मयूर विहार को छोड़ दें तो राजधानी की अन्य जगहों पर तामपान 41 डिग्री से ऊपर ही बना रहा। पालम में यह 42.4, लोदी रोड में 41.5, रिज में 42.4, आया नगर में 43, गुरुग्राम में 44.5, जाफरपुर में 42.7, मंगेशपुर में 44.6, नजफगढ़ में 44.2, नोएडा में 41.9, पीतमपुरा मे 42.5, स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में 42.4, और मयूर विहार में यह 39.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

21 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज
गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। चमकदार और तेज धूप खिलेगी। अधिकतम तामपान 43 और न्यूनतम 28 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं 19 और 20 मई को अधिकतम तामपान 44 से 45 डिग्री के स्तर को छू सकता है। इसके बाद 21 मई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से राजधानी के मौसम में बदलाव होंगे। 21 मई को आंधी की संभावना है। इसके बाद तापमान 42 डिग्री पर पहुंच जाएगा। इसके बाद 22 मई को बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिसकी वजह से तापमान 40 डिग्री तक दर्ज हो सकता है। वहीं 23 मई को भी तापमान कुछ कम ही बने रहने के आसार हैं।

क्या कहती है स्काईमेट की भविष्यवाणी
स्काईमेट के महेश पलावत के अनुसार पिछले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के जैसे ही इस बार भी मौसमी गतिविधियां कमजोर रहेंगी। इसकी वजह से आंधी और बूंदाबांदी हो सकती है। लेकिन यह तेज बारिश देने में सक्षम नहीं होगा। इसकी वजह से तापमान 40 डिग्री से नीचे जाने की संभावना फिलहाल नहीं है। मई के बचे हुए दिनों में तापमान 40 से 43 डिग्री रहने की संभावना है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि जून में कुछ तेज वेस्टर्न डिस्टरबेंस राजधानी में आने चाहिए। जिसकी वजह से मौसम में बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *