लोडिंग वाहन से बालिका की मौत, भीड़ ड्राइवर सहित वाहन को जलाया

आलीराजपुर
 चंद्रशेखर आजादनगर के ग्राम छोटी पोल में शुक्रवार रात लोडिंग वाहन ने आठ साल की एक बालिका को रौंद दिया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साई भीड़ ने वाहन में आग लगा दी। इससे वाहन खाक हो गया, वहीं चालक बुरी तरह झुलस गया। उपचार के लिए गुजरात के बड़ौदा ले जाते समय उसने भी दम तोड़ दिया। मामले में आजादनगर पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन ग्राम छोटी पोल के बरझर फाटक से गुजर रहा था। इस दौरान उसे आठ साल की बालिका कांजी पिता राकेश को चपेट में ले लिया। बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इससे गुुस्साए आसपास के लोगों ने वाहन में आग लगा दी। इससे वाहन चालक मगनसिंह पिता मानसिंह उम्र 37 हाल मुकाल ग्राम जामली जोबट बुरी तरह झुलस गया। वाहन भी जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर आजादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को शासकीय अस्पताल चंद्रशेखर आजादनगर पहुंचाया। यहां हालत गंभीर होने पर उसे बड़ौदा रेफर कर दिया गया।

रास्ते में चालक ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही एसडीओपी नीरज नामदेव भी मौके पर पहुंचे और जांच की। आजादनगर पुलिस ने बताया मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपितों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया जाता है कि मगनसिंह मूल रूप से ग्राम सिंधी का रहने वाला था। गांव में विवाद के कारण वह जामली में रह रहा था। परिवार में माता-पिता, तीन बच्चे व पत्नी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *