शाहीन बाग: बुलडोजर के आगे लेटने वालों दिल्ली की जनता तुम्हें लिटाएगी, भाजपा का विपक्ष पर हमला
नई दिल्ली
दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के बुलडोजर एक्शन को लेकर देखे गए विरोध के बीच सियासत भी उफान पर है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने जहां इस कार्रवाई के लिए भाजपा द्वारा धर्म विशेष के लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा ने विपक्ष पर इसे साम्प्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया है। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि आज शहीन बाग में निगम द्वारा की जा रही कार्रवाई को रोकने के लिए कांग्रेस और आप नेताओं ने बुलडोजर के आगे लेटकर रास्ता रोककर उसे सांप्रदायिकता का रंग दे दिया। आतंक फैलाने वाला एक आतंकी होता है किसी धर्म या मजहब का नहीं।
उन्होंने कहा कि आज जिस तरह 'आप' और कांग्रेस ने नेता जिन लोगों के अतिक्रमण को बचाने के लिए बुलडोजर के आगे लेटे हैं, उन्हें जनता देख रही है। दिल्ली की जनता उन्हें जल्द लिटा देगी। वे आतंकियों के समर्थन में आए हैं, वे बांग्लादेशी रोहिंग्या के समर्थन में आए हैं। गुप्ता ने कहा कि विपक्ष के लोग जब दंगा होता है तब चुप रहते हैं और जब दंगाइयों पर कार्रवाई होती है तो वो उसे साम्प्रदायिक बता देते हैं। घुसपैठियों को संरक्षण देने वालों को जनता देख रही है। ये बांग्लादेशी और रोहिंग्या इस देश के नहीं हैं, उनको भारत की किसी भी चीज पर अधिकार नहीं है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और 'आप' तुष्टिकरण की राजनीति से ग्रसित हैं। ये लोग यहां आतंक फैलाने आते हैं और कांग्रेस और 'आप' उनका समर्थन करती है, इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण कुछ और नहीं हो सकता।
