मुख्यमंत्री चौहान ने कश्मीर में शहीद सीआईएसएफ एसआई पटेल को दी श्रद्धांजलि

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कश्मीर में पदस्थ मध्यप्रदेश के सतना जिले के निवासी एसआई शंकर प्रसाद पटेल की शहादत पर दु:ख व्यक्त किया है।

शहीद पटेल भिलाई की थर्ड रिजर्व बटालियन में कार्यरत थे। गत 10 अप्रैल को उन्हें ड्यूटी पर कश्मीर भेजा गया था। एक आतंकी हमले में 22 अप्रैल को वे शहीद हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने शहीद एसआई पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके शौर्य को प्रणाम कर श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ। उन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस का प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शहीद के परिवार के दु:ख और संकट की घड़ी में मध्यप्रदेश शासन साथ है। शहीद के परिवार को एक करोड़ की सम्मान निधि, परिवार से चर्चा कर एक सदस्य को शासकीय सेवा में लेने और ग्राम में शहीद की प्रतिमा लगाने का कार्य किया जाएगा। किसी एक संस्था का नाम भी शहीद के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राम खेलावन पटेल ने उनकी ओर से शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प-चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *