मंत्री पटेल ने वेरवाड़ा एवं कण्ड्रावन विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन एवं लोकार्पण
भोपाल
पशुपालन एवं सामाजिक कल्याण मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने शुक्रवार को बड़वानी जिले के विकासखण्ड पाटी के ग्राम वेरवाड़ा एवं कण्ड्रावन में विकास कार्यो का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए इससे लाभ उठाने का आह्वान किया। मौके पर ही उन्होंने ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों का निवारण भी करवाया। पटेल ने विभागों के मैदानी अमले को चेताया कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीण को बिना किसी परेशानी के मिल जाये, यह सुनिश्चित किया जाये। शीघ्र ही ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों और ऐसे लोगो की जानकारी ली जाएगी, जो योजनाओं में पात्र होने के बाद भी लाभान्वित नहीं हो पाये हैं। इस दौरान यदि कोई शिकायत या कमी मिली तो संबंधित कर्मी को दण्डित किया जाएगा।
इन कार्यो का हुआ भूमि-पूजन एवं लोकार्पण
मंत्री पटेल ने ग्राम वेरवाड़ा में 8 लाख की लागत से बनने वाले निस्तार तालाब का भूमि-पूजन किया और उचित मूल्य दुकान के नवीन भवन एवं ग्राम में नल के माध्यम से जल वितरित करने वाली योजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम कण्ड्रावन में 15 लाख की लागत से बनने वाले निस्तार तालाब का भूमि-पूजन भी किया।
दिव्यांग बालिका से जाना हाल-चाल, दिये आवश्यक निर्देश
ग्राम वेरवाड़ा में लगे जन-समस्या निवारण शिविर में मंत्री पटेल ने विभिन्न ग्रामों से आये लोगों से समस्याओं के आवेदन-पत्र लिये और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करवाते हुए संबंधित आवेदक को भी सूचना देने के निर्देश दिये। शिविर में दिव्यांग बालिका कुमारी वानू दुफारिया को निःशुल्क उपकरण उपलब्ध कराने एवं एमए प्रथम वर्ष में पढ़ रही बालिका के स्व-रोजगार के लिये आवश्यक व्यवस्था कराने के निर्देश दिये।
ग्रामीणों के आग्रह पर ढोल-मांदल पर जमकर थिरके
ग्रामों में विकास का संदेश लेकर पहुँचे मंत्री पटेल का स्वागत ग्रामीणों ने ढोल-मांदल बजाकर किया। महिलाओं ने कलश यात्रा भी निकाली। ग्रामीणों के आग्रह पर मंत्री पटेल ने भी ढोल-मांदल बजाकर एवं ग्रामीणों के साथ नृत्य कर उत्साहवर्धन किया।
मांगलिक भवन का भूमि-पूजन
पशुपालन मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने बड़वानी नगर के मुम्मई माता मंदिर परिसर में पाल क्षत्रिय गडरिया समाज के मांगलिक भवन का भूमि-पूजन किया है। साथ ही स्वेच्छा निधि से 5 लाख की राशि देने की घोषणा भी की।
