CM कल करेंगे जल अभिषेक अभियान का शुभारंभ

भोपाल
प्रदेश में जल अभिषेक अभियान का शुभारंभ सोमवार को होगा। मुख्यमंत्री इस राज्य स्तरीय अभियान की शुरुआत रायसेन जिले से करेंगे। सीएम चौहान ने कहा है कि जल संरक्षण से ही पर्यावरण का संरक्षण होगा। पूरे प्रदेश में 11 अप्रैल को जलाभिषेक अभियान का शुभारंभ होगा। इस दिन हर ग्राम पंचायत में प्रात: 9 बजे जल यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद जल सभा का आयोजन किया जाएगा जिसमें जल संरक्षण के एक कार्य का भूमिपूजन होगा।

शासन ने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि सभी ग्राम पंचायतों में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्था कराएं। सीएम चौहान ने कह कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर हर जिले में 75 अमृत तालाब बनाए जा रहे हैं। कलेक्टर इनका निर्माण कार्य भी तत्काल प्रारंभ कराएं। इनके निर्माण में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के साथ-साथ आमजनता का सहयोग प्राप्त करें। अब तक प्रदेश में 5580 तालाब चयनित किए गए हैं। पुराने तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए लागू पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान का भी प्रभावी क्रियान्वयन करें। जल संरक्षण के प्रत्येक कार्य का फोटो पोर्टल में अनिवार्य रूप से अपलोड कराएं।

यह भी निर्देश हैं जल अभिषेक के लिए
शासन ने कलेक्टरों से कहा है कि ग्राम सभाओं में जल अभिषेक अभियान की आवश्यकता, जनसहभागिता आधारित अवधारणा, जनसमुदाय के उत्तरदायित्व और भूमिका तथा वर्षा जल संरक्षण व भू-जल संवर्धन कार्यों के विकल्पों पर प्रस्तुतिकरण किया जाए। साथ ही ग्राम पंचायत के कार्यक्षेत्र में पूर्व में क्रियान्वित जलाभिषेक अभियान, जल संरक्षण व संवर्द्धन कार्यों के दृष्टिगत भी प्रजेंटेशन दिया जाए। जनसहभागिता और ग्रामीणों द्वारा स्वयं के स्त्रोतों से लिए जाने वाले जल संरक्षण व संवर्द्धन कार्यों पर ग्राम सभा में चर्चा की जाए। ग्राम सभा के आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित सांसद, मंत्री, विधायक, एवं ग्राम पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *