24 घंटे बाद आयोग के सचिव की नई पदस्थापना का आदेश जीएडी ने अवकाश के दिन निकाला
भोपाल
प्रदेश के आदिवासियों की मूलभूत समस्याओं पर काम करने के लिए राज्य शासन द्वारा गठित किए जनजातीय प्रकोष्ठ राजभवन में सदस्य सचिव के पद पर आईएएस अफसर बीएस जामोद की पदस्थापना उन्हें सचिव राज्य निर्वाचन आयोग के पद से स्थानांतरित करने के पहले ही कर दी गई थी। इस प्रकोष्ठ का गठन 8 अप्रेल को हुआ और जामोद को प्रकोष्ठ में पदस्थ किए जाने का आदेश शनिवार को अवकाश के दिन रात में जारी किया गया।
जीएडी द्वारा 8 अप्रेल को जारी आदेश में कहा गया है कि राज्यपाल की मंशा के अनुरूप जनजातीय नागरिकों से संबंधित विषयों पर काम करने के लिए राजभवन में जनजातीय प्रकोष्ठ गठित किया गया है। इसके अध्यक्ष रिटायर्ड आईएएस दीपक खांडेकर और सदस्य सचिव बीएस जामोद बनाए गए थे। इसके अलावा विधि, विषय विशेषज्ञ के रूप में भग्गू सिंह रावत, दीपमाला रावत, विधि सलाहकार के रूप में विक्रांत सिंह कुमरे का नाम तय किया गया है। भग्गू सिंह रावत अतिरिक्त जिला अभियोजन अधिकारी धार के पद पर पदस्थ हैं। अभी उनकी पदस्थापना का आदेश गृह विभाग को जारी करना बाकी है।
इस प्रकोष्ठ को सचिवालयीन सहायता जनजातीय कार्य विभाग द्वारा दी जाएगी। यहां गौरतलब है कि राज्य निर्वाचन आयुक्त जामोद को प्रकोष्ठ का सदस्य सचिव बनाने के 24 घंटे बाद जीएडी ने कल रात में आदेश जारी कर उन्हें आयोग की जिम्मेदारी से मुक्त किया है। उनके स्थान पर राकेश सिंह को राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
