रामनवमी के अवसर पर मथुरा के दीर्घ विष्णु मंदिर में पंचामृत से हुआ भगवान का महाभिषेक

मथुरा
कान्हा की नगरी में रामनवमी की धूम है। मथुरा और वृंदावन में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं। मथुरा के श्री दीर्घ विष्णु मंदिर में रविवार सुबह पंचामृत से भगवान का महाभिषेक किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने 'भये प्रकट कृपाला दीन दयाला' की मंगल ध्वनि एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान के अलौकिक दर्शन किए।

रामनवमी के अवसर पर प्राचीन श्री दीर्घ विष्णु मंदिर में भगवान विष्णु एवं महालक्ष्मी जी का वैदिक परंपरा के अनुसार सुबह आठ पंचामृत महाभिषेक हुआ। इसके बाद मंगल बधाई गायन एवं श्रृंगार महाआरती के दर्शन हुए। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। रामनवमी पर आए श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के फूल बंगला के मनोहर दर्शन किए।

ठाकुरजी का किया गया विशेष श्रृंगार
वैदिक परंपरा के अनुरूप भगवान को नए वस्त्र, आभूषण व मुकुट धारण कराया गया। विशिष्ट प्रकार के पुष्पों से ठाकुरजी का श्रृंगार किया गया। इस महोत्सव पर मंदिर सेवायत महंत कान्तानाथ चतुर्वेदी सरदार, मंदिर सेवा संस्थान के संयोजक आचार्य बृजेन्द्र नागर, महाप्रबंधक लालकृष्ण चतुर्वेदी, पुजारी कदंम चतुर्वेदी आदि ने श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शनों को लाभ लिया।

इन मंदिरों में भी किए गए आयोजन
श्री दीर्घ विष्णु मंदिर के अलावा वृंदावन में बांकेबिहारी कॉलोनी स्थित राम मंदिर, अटल्ला चुंगी स्थित श्रीराम आश्रम, तुलसी राम दर्शन स्थल, सुदामा कुटी आश्रम में विशेष आयोजन किए गए हैं। वहीं श्रीकृष्ण जन्म स्थान पर रामनवमी के अवसर पर ठाकुरजी के दर्शनों को श्रद्धालु उमड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *