ओवरब्रिज का काम अधूरा पड़ा, जल्द हटाया जाएगा अतिक्रमण
सागर
नईबस्ती में बन रहे ओवरब्रिज का काम अधूरा पड़ा है कलेक्टर दीपक आर्य ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान जगह न होने से एक तरफ की दीवार बनाने में परेशानी की बात सामने आने पर, उन्होंने सीमांकन कर अतिक्रमण में आने वाले मकानों को तोडऩे के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, नगरपालिका, पुलिस प्रशासन की टीम ने ओवरब्रिज के पास की जगह का सीमांकन किया है। सीमांकन के लिए तहसीलदार सतीश वर्मा ने टीम गठित की थी और टीम में आरआइ, पटवारी शामिल थे। आठ घंटे तक चले सीमांकन में करीब १६ मकानों के कुछ हिस्से अतिक्रमण में पाए गए हैं, जिन्हें चिंहित किया गया है। आरआइ अखिलेश तिवारी ने बताया कि तहसीलदार के आदेश पर सीमांकन किया गया है और जिन मकानों के हिस्से अतिक्रमण में आ रहे हैं उनका प्रतिवेदन तैयार कर जल्द ही तहसीलदार को सौंपा जाएगा। गौरतलब है कि दीवार बनाने के लिए ब्रिज निर्माण कर रहे ठेकेदार के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है और अभी तक सिर्फ एक ही दीवार बन पाई है। अधूरे निर्माण के कारण वाहन चालक परेशान हो रहे हैं।
पुराने नक्शा से नहीं किया सीमांकन
स्थानीय लोगों ने बताया कि मामला न्यायालय में चल रहा है। साथ पुराने नक्शे के आधार पर सीमांकन की मांग अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है, लेकिन नए नक्शे के आधार पर ही सीमांकन किया गया है।
नगरपालिका कर चुकी है नोटिस जारी
नगरपालिका द्वारा पूर्व में ही नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जा चुका है। अतिक्रमण न हटाने पर दूसरी बार भी नोटिस जारी किए गए थे। इस बार हुए सीमांकन की रिपोर्ट पर तहसीलदार द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
