पचमढ़ी बैठक: CM शिवराज ने बुलाई अफसरों की बैठक, अंबेडकर जयंती पर बड़े कार्यक्रम की तैयारी
भोपाल
पचमढ़ी चिंतन बैठक में जन कल्याण के लिए तय गाइडलाइन और बंद पड़ी योजनाओं को दोबारा चालू करने के मामले में अब प्रशासनिक एक्शन के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अफसरों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में क्रियान्वयन की रिपोर्ट अधिकारियों से ली जाएगी। मुख्यमंत्री इस बैठक के साथ 14 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे।
मंत्रालय में होने वाली इस बैठक में संबंधित विभागों के एसीएस, पीएस और सचिवों को तलब किया गया है। इसमें वे पचमढ़ी में कैबिनेट द्वारा लिए गए निर्णयों के परिप्रेक्ष्य में विभाग वार क्रियान्वयन की स्थिति बताएंगे। सीएम चौहान क फोकस इस पर होगा कि जिन बंद योजनाओं को चालू करने के लिए उन्होंने अप्रेल और मई में तिथि तय कर दी है, उन तिथियों के पहले योजना में संबंधित अपडेट्स के साथ क्रियान्वयन की स्थिति साफ हो जाए। सबसे अधिक फोकस जल अभिषेक अभियान, लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, सीएम राइज स्कूल, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना को लेकर होगा क्योंकि सरकार ने इसको लेकर तारीखों का ऐलान पचमढ़ी में ही कर दिया है।
वाल्मीकि और कबीर महाकुंभ भी होंगे
मुख्यमंत्री ने पचमढ़ी में कहा था कि 14 अप्रैल बाबा अंबेडकर की जयंती पर एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। इसके साथ ही कबीर महाकुंभ एवं वाल्मीकि महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। शाम को होने वाली बैठक में इन मसलों पर सीएम संबंधित विभागों से चर्चा करेंगे और अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराएंगे।
