बिजली कम्पनियों में भरे जाएंगे जूनियर इंजीनियर के 900 पद, गेट से नियुक्त होंगे एई
भोपाल
बिजली इंजीनियरों की कमी से जूझ रहे विद्युत अमले की भरपाई के लिए ऊर्जा विभाग संविदा और आउटसोर्स के रूप में नियुक्त इंजीनियरों और कर्मचारियों को लेकर कोई रणनीति तय नहीं कर सका है। विभाग ने यह जरूर तय किया है कि विद्युत कम्पनियों में खाली पड़े जूनियर इंजीनियर के लगभग 900 पदों पर कर्मचारी चयन मण्डल के माध्यम से भर्ती कराई जाएगी। इसको लेकर जल्द ही मण्डल द्वारा विज्ञापन जारी होगा। इसके अलावा असिस्टेंट इंजीनियर के रिक्त पदों को भी भरने पर सहमति हुई है।
विभाग द्वारा लिए गए फैसले के अनुसार असिस्टेंट इंजीनियर के पदों पर भर्ती 'गेट' (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग) के स्कोर के आधार पर की जाएगी। इसके लिए साक्षात्कार का प्रावधान नहीं होगा। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और प्रमुख सचिव संजय दुबे के साथ हुई बैठक के बाद इसको लेकर निर्णय लिया गया है। ऊर्जा मंत्री ने असिस्टेंट इंजीनियर के रिक्त पदों को समय-सीमा में भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार सेवानिवृत्त अधिकारियों की सेवाएं भी संविदा पर रखने का प्रस्ताव बना सकते हैं।
