स्कूल शिक्षा विभाग कराएगा सर्वे, कोरोना काल में बच्चे कितना सीखे और कितना भूले
भोपाल
कोेरोना काल के दौरान दो साल में बच्चों ने आॅनलाइन पढ़ाई की इस दौरान बच्चों ने कितना पढ़ा और कितना सीखा सरकार इसका सर्वें कराएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। कोविड काल में स्कूल नहीं खुलने से बच्चों की पढ़ाई नहीं हो सकी। इससे बच्चों को कितना नुकसान हुआ है। इसका पता लगाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग एक सर्वे करा रहा है। शिक्षा मंत्रालय ने इस सर्वे के संबंध में मप्र स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश जारी किए हैं। इस सर्वे का नाम राष्ट्रीय उपलिब्ध बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान सर्वे रखा गया है।
यह सर्वे एनसीईआरटी की तरफ से 23 से 25 मार्च तक प्रदेश के सरकारी व निजी स्कूलों में तीसरी कक्षा के बच्चों पर किया जाएगा। इसमें हिंदी और गणति की बेसिक जानकारी बच्चों की ली जाएगी। इसके माध्यम से अक्षर ज्ञान, शब्द पहचानना, गिनती, पढ़ने की गति, जोड़-घटाव आदि पूछे जाएंगे। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि कोविड काल के दौरान जब स्कूल बंद थे और आनलाइन कक्षा चल रही थी, तब बच्चों ने कितना सीखा। उनमें सीखने की क्षमता कितनी रही। उनमें कुछ सुधार हुआ या गिरावट आई है।
498 स्कूलों के बच्चे किए जाएंगे शामिल
इस सर्वे में प्रदेश के 498 स्कूलों के करीब पांच हजार बच्चों को शामिल किया जाएगा। यह एक प्रकार का सैंपल सर्वे होगा। इसमें हर स्कूल से 10 से 15 बच्चों को सैंपल के तौर पर लिया जाएगा। इस में उनसे कुछ बेसिक जानकारी ली जाएगी, जिसमें लिखित और मौखिक दोनों तरह के सवाल पूछे जाएंगे। इसमें यह समझने की कोशिश की जाएगी कि अब स्कूल खुलने के बाद बच्चों में किस तरह से सुधार किए जाने की जरूरत है।
