केशव मौर्य फिर बनाए जा सकते हैं डिप्टी, योगी सरकार 2.0 की रूपरेखा पर भाजपा नेतृत्व की लगी मुहर

 नई दिल्ली।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक बार फिर सरकार गठन की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया। बुधवार देर रात तक योगी आदित्यनाथ ने भाजपा नेतृत्व के साथ लंबी मंत्रणा की थी। इसके बाद गुरुवार को संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राज्य में चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व संगठन महामंत्री बी एल संतोष के साथ बैठक की। इसके बाद शाह लखनऊ रवाना हो गए जहां योगी आदित्यनाथ को विधिवत रूप से नया नेता चुना गया।

दो दौर की गहन मंत्रणा के बाद योगी के नए मंत्रिमंडल की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। सूत्रों के मुतिाबिक, नई मंत्रिपरिषद के सदस्यों के चयन में पार्टी ने जाति, उम्र, क्षेत्रीय संतुलन और शिक्षा सहित अन्य कई कारकों का ध्यान रखा है। आपको बता दें कि योगी शुक्रवार को यानी आज शपथ ग्रहण करेंगे। मंत्रिपिरषद में फिर से दो उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य फिर से बनाए जा सकते हैं डिप्टी सीएम
उत्तराखंड में चुनाव हारने के बावजूद पुष्कर सिंह धामी को फिर से मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश में केशव प्रसाद मौर्य को फिर से उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना है। मौर्य एमएलसी हैं, हालांकि वह विधानसभा चुनाव हार गए हैं।
 

योगी कैबिनेट में इनके भी होंगे नाम!
सूत्रों के अनुसार, पिछली योगी सरकार में मंत्री रहे बृजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और विधान परिषद के सदस्य व प्रधानमंत्री के करीबी कहे जाने वाले ए के शर्मा को भी नई सरकार में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। योगी आदित्यनाथ के साथ आज शपथ लेने वाले संभावित नामों में श्रीकांत शर्मा, बृजेश पाठक, सिद्धार्थनाथ सिंह, सतीश महाना, जितिन प्रसाद जैसे कई अन्य नाम भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *