सरकार और संगठन बताएंगे शिवराज के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां

भोपाल।  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का चौथी पारी का दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर सरकार और भाजपा संगठन जनता के हित में किए गए कामों को जनता को बताएंगे। इस काम में संगठन स्तर पर मंडल और बूथ कमेटियों के जरिये दो साल की उपलब्धियां बताई जाएंगी जिसकी तैयारियां संगठन और सरकार दोनों ने शुरू कर दी है। यह कार्यक्रम एक सप्ताह तक चलेगा।
शिवराज ने 23 मार्च 2020 को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद कोविड की पहली, दूसरी और तीसरी लहर में कोविड मैनजमेंट, आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का कांसेप्ट और उस पर अमल, कोरोना के कारण गिरी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने और आर्थिक व अन्य क्षेत्रों के विकास में देश में मध्यप्रदेश को अग्रणी बनाए रखने को लेकर मुख्यमंत्री चौहान द्वारा किए गए प्रयासों को जनता तक पहुंचाने का काम संगठन के कार्यकर्ता करेंगे। कार्यकर्ताओं और जिला अध्यक्षों के साथ आडियो ब्रिज के जरिये हुए संवाद में सीएम चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इसके निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार 23 व 24 मार्च को प्रदेश के सभी जिलों में प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को बताया जाएगा। इसके बाद सभी संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश के पांच लाख हितग्राहियों को पीएम आवास योजना के अंतर्गत बनाए गए आवासों में गृह प्रवेश कराने के कार्यक्रम में भी मौजूद रहेंगे। सरकार ने 29 मार्च को सभी जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन किया है। इसमें भी संगठन की भागीदारी रखने के लिए निर्णय लिया जा चुका है। इसके अलावा 23 से 30 मार्च के बीच उपलब्धियों से संबंधित अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएँगे। सात अप्रेल को प्रदेश के हर जिले में राशन वितरण के लिए होने वाले अन्न उत्सव कार्यक्रम में भी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *