मिशन-2023: मंत्रियों को नए टास्क दिए जाने की भी तैयारी

भोपाल
मध्यप्रदेश की सियासत चुनावी मोड में आ चुकी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 25 मार्च से पचमढ़ी में मंत्रियों के साथ चिंतन करेंगे। इस दौरान प्रदेश की कल्याणीकारी योजनाओं के संचालन पर प्रजेंटेशन दिया जाएगा। साथ ही सीएम मंत्रियों के विभागवार परफॉरमेंस की जानकारी भी मंत्रियों के देंगे। जिन मंत्रियों ने अच्छा काम किया है, उन्हें मिशन-2023 के लिए नए टास्क दिए जा सकते हैं। वहीं लचर प्रदर्शन करने वालों को चेतावनी दी जा सकती है।

पचमढ़ी में होने वाली मंत्रियों की चिंतन बैठक के पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी कैबिनेट के मंत्री रायसेन जिले के बरेली तहसील में किसी रिसोर्ट पर डिनर लेंगे। इसके बाद पचमढ़ी में नाइट हाल्ट कर 26 मार्च की सुबह सीएम चौहान के समक्ष प्रजेंटेशन देंगे। दो दिन तक यहां होने वाली बैठक में मिशन 2023 के लिए मंत्रियों को नए टास्क दिए जाने की भी तैयारी है और साथ ही सीएम चौहान उनके विभागवार परफॉरमेंस से भी अवगत कराएंगे। इस बैठक में कुछ मंत्रियों को वर्किंग को लेकर चेतावनी भी मिल सकती है।

मुख्यमंत्री चौहान ने तय किया है कि चिंतन बैठक के लिए वे मंत्रियों के साथ बस में जाएंगे और तीन दिन तक साथ रहेंगे। सीएम चौहान के इस निर्णय के बाद दो दिन तक पचमढ़ी से सरकार चलेगी। सूत्रों के अनुसार सीएम चौहान और मंत्री 25 मार्च की शाम सात बजे के करीब भोपाल से पचमढ़ी के लिए रवाना होंगे। तवा पुल मार्ग बाधित होने के चलते सीएम और मंत्रियों का काफिला औबेदुल्लागंज से बाड़ी बरेली, पिपरिया होकर पचमढ़ी जाएगा। इसे देखते हुए रायसेन जिले के बरेली तहसील क्षेत्र में मंत्रियों के लिए डिनर के इंतजाम में अधिकारी जुटे हैं और इसके लिए सुरक्षित और सुविधा वाले रिसोर्ट की तलाश की जा रही है। यहां डिनर के बाद मंत्री पचमढ़ी में रात्रि विश्राम के लिए पहुंच जाएंगे और फिर इसके बाद अगले दिन बैठकों का दौर शुरू होगा।

दर्जन भर योजनाओं पर प्रजेंटेशन
चिंतन बैठक के दौरान 12 अलग-अलग विषयों को लेकर बनाए गए मंत्री समूहों की रिपोर्ट का प्रजेंटेशन पचमढ़ी में होगा। इसको लेकर 25 मार्च तक आॅनलाइन सुझाव भी मांगे गए हैं, जिन्हें मंत्री समूह की रिपोर्ट में तवज्जो दी जाएगी। इस बैठक में जिन विषयों को लेकर मंत्री समूह अपनी रिपोर्ट देने वाले हैं, उसमें मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, कन्या विवाह योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, राशन वितरण व्यवस्था, सीएम राइज स्कूल, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, जल जीवन मिशन, अनुसूचित जनजाति वर्ग की सुविधाएं, अनुसूचित जाति वर्ग की सुविधाएं, पीएम आवास के लिए रेत के इंतजाम, सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के लिए इंतजाम और गोवर्धन योजना के लिए किए जाने वाले प्रावधानों से संबंधित मसले शामिल होंगे। हर मंत्री समूह में तीन से चार मंत्री शामिल किए गए हैं।

राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा
चिंतन बैठक के दौरान सीएम चौहान राजनीतिक मुद्दों पर भी मंत्रियों के साथ डिस्कशन करेंगे। इसमें जिलों में प्रवास के दौरान संगठनात्मक बैठकों के लिए निर्देश देने के साथ संगठन कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के टास्क भी दिए जा सकते हैं, क्योंकि पिछले महीनों में हुई बैठकों में सीएम चौहान संगठनात्मक प्रवास और संवाद के लिए वरिष्ठ नेताओं से चर्चा भी कर चुके हैं। साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष द्वारा दो माह पहले ली गई गई बैठक में मंत्रियों के परफॉरमेंस के बारे में भी बैठक में चर्चा होना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *