प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर विपक्ष ने किया सरकार को घेरने का प्रयास

भोपाल
मध्यप्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर आज विपक्ष ने सरकार को घेरने का प्रयास किया। पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत ने कहा कि राज्य के बजट से ज्यादा कर्ज हो गया है तो वहीं डॉ गोविंद सिंह ने मंत्री से पूछा कि इतना अधिक कर्ज है  इसकी वापसी कैसे करेंगे। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में बताया कि कोरोना काल में आवक कम हुई थी इसलिए कर्ज बढ़ गया।

कर्ज केन्द्र सरकार की तय लिमिट के अंदर है और अपने वित्तीय संसाधनों से हम इसे चुका देंगे। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक डॉ गोविंद सिह ने  वित्त मंत्री से पूछा कि एक अप्रैल 2020 से प्रश्न दिनांक तक किन किन वित्तीय संस्थाओं से कब-कब  कितना कर्ज किन-किन प्रयोजनों हेतु लिया गया । वित्त मंत्री देवड़ा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट में प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार मार्च 2022 की समाप्ति पर प्रदेश पर 2 लाख 95 हजार 532 करोड़ रुपए का कर्ज रहने का अनुमान है।

वित्तीय वर्ष 2020-21 हेतु 15 917.87  करोड़  और वर्ष 21-22 हेतु 20040.73 करोड़ के रुपए के ब्याज लगने का अनुमान है। गोविंद सिंह ने पूछा कि इतना अधिक कर्ज वे कैसे चुकाएंगे, किस्ते कैसे देंगे।  इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि नियम और प्रक्रियाओं से कर्ज लिया गया है। भारत सरकार तय सीमा के भीतर ही कर्ज लेने की अनुमति दती है। उनकी अनुमति से यह कर्ज लिया गया है। इस पर पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत ने कहा कि काफी ज्यादा कर्ज ले लिया गया है। बजट से ज्यादा कर्ज हो गया। इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि राजस्थान में भी ऐसा ही है। गोविंद सिंह का कहना था कि इतना अधिक कर्ज कैसे बएÞ गया और इसे कैसे चुकाएंगे।  इस पर वित्त मंत्री न कहा कि कोरोनाकाल में राजस्व वसूली और करों से होने वाली आय कम हो गई थी इसलिए ज्यादा कर्ज लेना पड़ा हम अपने संसाधनो से कर्ज चुका देंगे।

विधायकों के पत्र का जवाब नहीं आने पर विस अध्यक्ष नाराज
विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने विधायकों के पत्रों का जवाब नहीं दिए जाने के मामले में नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कई विधायकों ने उनके संज्ञान में भी यह बात लाई है कि उनके पत्रों का जवाब नहीं दिया जाता। यह गंभीर बात है। इस ओर ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *