शिवराज सरकार गोवंश को सुरक्षा देने में असफल रही -पूर्व CM कमल नाथ
भोपाल
इंदौर के पेडमी में संचालित गोशाला में डेढ़ सौ गायों के कंकाल मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि भाजपा सरकार गोवंश की सुरक्षा देने में असफल साबित हुई है। भोपाल के बैरसिया में सैकड़ों गायों के कंकाल मिले थे। इसके पहले अन्य स्थानों पर भी ऐसी ही घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
उन्होंने कहा कि बैरसिया में सैकड़ों गायों की मौत के बाद सरकार ने समीक्षा करके गोवंश की सुरक्षा के दावे किए थे लेकिन प्रदेश में गायों की मौत का सिलसिला जारी है। इंदौर जिले के पेडमी में सैकड़ों गायों के शवों पड़े हुए हैं। सरकार गाय के नाम पर सिर्फ राजनीति करती है।जबकि, हमने प्रदेश में गोवंश के संरक्षण व संवर्धन के लिए एक हजार गोशाला का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया था।
चारे के लिए राशि को बीस रुपये प्रतिदिन की थी। जब से प्रदेश में भाजपा सरकार आई है तब से भूख-प्यास से गायों के दम तोड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की है कि गोवंश के संरक्षण व संवर्धन के लिए तत्काल कदम उठाए जांए। साथ ही बैरसिया और पेडमी की घटनाओं के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
मामला खुड़ैल इलाके के पेडमी के जंगलों का है। यहां श्री अहिल्यामाता गौशाला जीवदया मंडल ट्रस्ट गायों की देखरेख के साथ उनकी जिम्मेदारी भी उठाता है। बुधवार को यहां अमावस होने के चलते गौ सेवक संघ के संयोजक मनोज तिवारी और उनके साथी पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें गौशाला के पास पेडमी के जंगलों में कई मवेशियों के शव पड़े मिले।
प्रशासन,पशु विभाग ओर कंट्रोल रूम को दी सूचना
मामले में गायों के इस तरह से जंगल में खुले में पड़े होने के चलते प्रशासन के अधिकारियों के साथ पशु विभाग और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। तिवारी ने बताया कि किसी भी अधिकारी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। बाद में संघ के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पेडमी चौकी पहुंचे। यहां एसीपी अजय वाजपेयी से बात कर कारवाई की गई।
21 गायों के जियो टैग मिले, गायों को नहीं मिल रहा खाना
इस मामले में पुलिस ने अशोक पुत्र रामदीन पस्तोर निवासी द्वारकापुरी को आरोपी बनाया है। आरोपी पर 4, 6, 9 मध्यप्रदेश गौवंश प्रतिशेध के मामले में केस दर्ज किया गया है। गौ सेवक संघ के मनोज तिवारी ने बताया कि उन्होंने यहां से 21 गाय के जियो टैग बरामद किये है। जिन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। तिवारी ने बताया गौशाला में गायें बुरी तरह से रह रही हैं। उनकी देखभाल नहीं की जा रही है। खाने के भी इंतजाम नहीं किये गए हैं। मामले में वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी मवेशियो के शव का हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार करने की बात कही है।
