कर्जमाफी के नाम पर कमलनाथ सरकार ने किसानों से की वादाखिलाफी: CM शिवराज

भोपाल
कमलनाथ सरकार ने  किसानों की कर्ज माफी का वादा करने के बाद उसे पूरा नहीं किया गया, उससे कई किसान डिफाल्टर हो गए, ऐसे सभी किसानों का ब्याज हमारी सरकार भरेगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान की है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि पुलिस आरक्षक भर्ती के लिए फीजिकल टेस्ट के अब 50 प्रतिशत अंक दिए जाएंगे और बड़ी संख्या में आरक्षकों की भर्ती निकाली जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि कमलनाथ सरकार ने दो लाख रुपए तक का किसानों का कर्ज माफ करने की बात की थी, लेकिन उनकी सरकार ने कर्ज माफ नहीं किया। किसान कर्ज माफी की आस में बैंक से डिफाल्टर हो गए। अब ऐसे सभी किसानों का ब्याज भाजपा सरकार भरेगी।

कोरोनाकाल का बिजली बिल माफ करेंगे
सीएम ने कोरोना काल में बिजली का बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए ऐलान किया कि ऐसे 88 लाख उपभोक्तओं का 6400 करोड़ का बिल माफ किया जाएगा। वहीं समाधान योजना में बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं की राशि आगामी बिलों में समायोजित होगी।

नाथ पर जमकर बरसे
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 15 माह की कमलनाथ सरकार कुचल डालो, मार डालो, दबा डालो की नीति पर काम कर रही थी। हमारे साथी नरोत्तम मिश्रा के भाई का कई बार तबादला किया गया, उन्हें फंसाने के कई प्रयास किए गये। भूपेंद्र सिंह की होटल नाप दी गई। अरविंद भदौरिया के भाई को गिरफ्तार किया गया। संजय पाठक का रिसॉट तोड़ने पहुंच गये। सीएम ने कहा कि बुदनी के एक अध्यापक को इसलिए निलंबित कर दिया गया कि उनके यहां हुई गमी में मैं बैठने गया था। बुदनी में महाराणा प्रताप की मूर्ति की पट्टिका पर मेरा नाम लिखा था तो उसे हटवा दिया गया। सीएम ने कहा कि ऐसे बदले की राजनीति 15 माह के अलावा कभी नहीं देखी । सीएम ने कहा कि यह पहली बार हो रहा है कि राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा में नेता प्रतिपक्ष ने हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने कहा कि जब मैं जबाब दे रहा हूं तब भी नेता प्रतिपक्ष अनुपस्थित हैं। सीएम ने कहा कि कमलनाथ ने उनसे कहा था कि वे बहुत बिजी है।  उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, पंजाब, गोवा के चुनाव को देखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *