मुख्यमंत्री चौहान ने होली पर वट वृक्ष को लगाया गुलाल

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज होली पर्व पर स्मार्ट उद्यान में बरगद के वृक्ष पर गुलाल लगाया। मुख्यमंत्री चौहान ने भारतीय कंपनी सचिव सचिव संस्थान (आइसीएसआई) के विवेक नायक, योगेश , पी.के. राय और अवधेश पाराशर के साथ पौधे रोपें। यह संस्था पूरे भारत में और अन्य देशों में कंपनी सचिव प्रोफेशनल कोर्स का संचालन करती है।

मुख्यमंत्री चौहान ने होली पर्व पर बरगद पर गुलाल लगाने के पश्चात मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में कहा है कि आज रंगों के त्यौहार पर हमने दिवंगत गायिका स्वर कोकिला स्व.लता मंगेशकर की स्मृति में गत 7 फरवरी को लगाए वट के पौधे को सम्मान से गुलाल और चंदन-टीका कर होली मनाई। ये धरती है, इसी कारण हम हैं। पशु-पक्षी हैं। कीट पतंगे हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हर व्यक्ति एक पेड़ जरूर लगाएं। अपने गिले-शिकवे भूल जाएं। प्रेम की गंगा बहाएं। होली पेड़ों के साथ मनाएं। पेड़ हैं तभी तो जिंदगी है। ये पेड़ धरती का श्रृंगार हैं। पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। यह हमें जिंदगी देते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान और अन्य उपस्थित लोगों ने सप्तपर्णी और कदम्ब के पौधे लगाए।

मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट पार्क में सुरक्षाकर्मियों, उद्यानिकी कर्मचारियों नगर निगम और स्मार्ट सिटी स्टाफ को भी होली पर्व की बधाइयां दीं। मुख्यमंत्री ने यहां कार्य करने वाले श्रमिकों को भी आग्रह पूर्वक बुलाया और उन्हें गुलाल लगाकर रंगों के त्यौहार की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री चौहान ने आज ट्वीट करते हुए कहा कि इस बार होली वृक्ष के साथ भी मना रहे हैं। "ये होते हैं हर्षित उल्लासित हमारे साथ। इनके होने से हम हैं।

कितने ही जीव जंतु लेते हैं इनसे जीवन।देते हमको पुष्प और फल। ये संवारते हैं हमारा आज और कल। हे वृक्ष ! हैप्पी होली"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *