बजट से पहले ही कांग्रेस का हंगामा, गर्भगृह में नारेबाजी
भोपाल
विधानसभा में आज बजट विपक्ष के भारी हंगामे के बीच वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने प्रस्तुत किया। बजट भाषण शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने गर्भगृह में आकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के बीच जगदीश देवड़ा ने अपना बजट भाषण पढ़ना शुरू किया। हालांकि भाषण खत्म होने के कुछ देर पहले कांग्रेस ने वॉकआउट कर दिया। इससे पहले जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष ने बजट प्रस्तुत करने के लिए वित्त मंत्री को कहा, वैसे ही कांग्रेस विधायक बाला बच्चन ने खड़े होकर इसका विरोध किया, इसके बाद सज्जन सिंह वर्मा, विजय लक्ष्मी साधौ सहित कांग्रेस के कई विधायक खड़े होकर विरोध करने लगे।
विपक्ष का हंगामा देखकर सदन के नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के विकास, जनता के कल्याण के लिए बजट कितना उपयोगी होता है यह सब जानते हैं। पूरे प्रदेश की जनता बजट भाषण को सुनना चाहती है। आपके अलावा प्रदेश की जनता, अर्थशास्त्री, कर्मचारी इस बजट को सुनना चाहते है। बजट भाषण शांति से सुने। बाद में जितना विरोध हो कर लें।
गोपाल भार्गव ने सज्जन सिंह वर्मा से कहा कि आपको बोलने का अवसर मिलेगा उस दौरान चर्चा कर लें। संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों को इस बात का पता नहीं कि किस बात का कहां विरोध करना चाहिए। बजट सुन लें । इसके बाद कांग्रेस के विधायक अपनी सीट से उठकर गर्भगृह में आ गए। जहां पर उन्होंने जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी के बीच वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट भाषण पढ़ना शुरू किया।
