खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने किया आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ

भोपाल 

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने मंगलवार को भोपाल के अरेरा क्लब में आईटीएफ मेन्स वर्ल्ड टेनिस टूर्नामेंट का रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर शुभारंभ किया। टूर्नामेंट में कुल 6 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें फ्रांस के 2, ग्रेट ब्रिटेन के 2, जर्मनी, पॉलैंड, जापान और चेकोस्लोवाकिया के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं। इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी को 15 हजार डॉलर का पुरस्कार दिया जाएगा।

खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि लगातार 6 वर्षों से आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के प्रतिष्ठित टेनिस खिलाड़ी भाग लेते आ रहे हैं। वर्ल्ड क्लास खिलाड़ियो को खेलते हुए देखना, नये उभरते खिलाड़ियों के लिये एक वरदान है। उन्होंने बाहर से आये खिलाड़ियों का भोपाल में स्वागत करते हुए कहा कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग हरसंभव मदद के लिये हमेशा तैयार है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज खेलों की दुनिया में एक अलग पहचान बनाए हुए है। ऐसी अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएँ नये टेलेंट को प्रोत्साहित करेंगी।

संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री रवि गुप्ता तथा आईटीएफ के सदस्य डॉ. निर्भय श्रीवास्तव, श्री मनोज कुकरेजा, श्री अतुल धुपड़, श्री आशीष पांडे, श्री सागर श्रीवास्तव, श्री लाजपत राय तथा श्री यश विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *