टाटीबंध के नया बायपास मार्ग से ढाई लाख का चिट्टा जप्त
रायपुर
पंजाब के अमृतसर से आकर तीन युवक टाटीबंध स्थित नया बायपास मार्ग के सामने मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आमानाका की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों के पास से पुलिस ने ढाई लाख रुपये का चिट्टा और कार को जप्त कर लिया।
आमानाका पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखदेव सिंह ( 40 साल) निवासी ग्राम ढुढाला थाना कथूनांगल जिला अमृतसर, जसप्रीत सिंह (35 वर्ष) और सिमरनजीत सिंह (34 वर्ष) ग्राम तलवण्डी दसोदा सिंह थाना कथुनांगल जिला अमृतसर से कार क्रमांक पीबी / 02/ सीडी / 4957 में सवार होकर मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) लेकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खपाने के लिए पहुंचे थे। चिट्टा को बेचने के लिए तीनों आरोपी टाटीबंध स्थित नया बायपास रोड नंदनवन जाने के रास्ते कार को खड़े कर ग्राहक की तलाश कर रहे थे। इस बीच आमानाका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली और वह दलबल के साथ एक टीम को वहां सादी वर्दी में भेजा। जैसे ही चिट्टा का सौदा हुआ दूर खड़ी पुलिस वहां आ धमकी और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही 22 ग्राम चिट्टा और घटना में प्रयुक्त कार को जप्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आमानाका पुलिस ने धारा 21 (बी) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
