बेधड़क का फर्स्ट लुक रिलीज: नजर आएंगे न्यूकमर शनाया, लक्ष्य और गुरफतेह

करण जौहर की अपकमिंग फिल्म बेधड़क का पहला लुक सामने आ चुका है। इस फिल्म से संजय कपूर और महीप कपूर की बेटी शनाया कपूर बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। शनाया के साथ इस फिल्म में न्यूकमर लक्ष्य लालवानी और एक्टर गुरफतेह परिजादा भी लीड रोल निभाने वाले हैं। शनाया कपूर बॉलीवुड एक्टर संजय कपूर की बेटी और अनिल कपूर, बोनी की भतीजी हैं। शनाया ने एक स्ट्रेटनिंग मशीन के एड से एक्टिंग करियर की शुरूआत की थी। एक्टिंग से पहले शनाया, अपनी कजिन जान्हवी कपूर की फिल्म गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम कर चुकी हैं। शनाया कपूर अब करण जौहर क टैलेंट एजेंसी, धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंटी का हिस्सा हैं। करण ने मार्च में शनाया कपूर के साथ काम करने की अनाउंसमेंट की थी। डेब्यू से पहले ही शनाया की सोशल मीडिया पर तगड़ी फैन फॉलोविंग है। शनाया को 11 लाख लोग फॉलो करते हैं। बेधड़क से डेब्यू करने वाले लक्ष्य फिल्मों से पहले सालों तक पॉपुलर टीवी शोज का हिस्सा रहे हैं। लक्ष्य को पोरस शो से पॉपुलैरिटी हासिल हुई थी, जिसके बाद वो वॉरियर हाई, अधूरी कहानी हमारी और प्यार तूने क्या किया और परदेस में है मेरा दिल जैसे शोज का हिस्सा रहे हैं। बेधड़क के अलावा लक्ष्य दोस्ताना 2 का भी हिस्सा हैं। इस फिल्म में लक्ष्य जान्हवी कपूर और कार्तिक आर्यन के साथ डेब्यू करने वाले थे, लेकिन कार्तिक के फिल्म से निकलने के बाद ये फिल्म अटक गई है। टेलीविजन इंडस्ट्री का हिस्सा रहते हुए लक्ष्य का नाम रश्मि देसाई और अदिती गुप्ता के साथ जुड़ा था। को-स्टार महिमा मकवाना के साथ लक्ष्य के झगड़ों की खबरें भी कई बार सामने आई हैं। महिमा ने हाल ही में सलमान खान की फिल्म अंतिम से बॉलीवुड डेब्यू किया है। फिल्म में अंगद का रोल निभाने वाले गुरफतेह साउथ एक्टर मेहरीन परिजादा के भाई हैं। गुरफतेह साल 2020 की फिल्म गिल्टी में कियारा आडवाणी के साथ नजर आए हैं। परिजादा जल्द ही रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ ब्रह्मास्त्र फिल्म में भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। गुरफतेह जरीन खान के साथ हम भी अकेले तुम भी अकेले में भी लीड रोल निभाते नजर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *