यस बैंक अपनी करीब 10% हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रहा
नई दिल्ली
यस बैंक अपनी करीब 10% हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रहा है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार, प्राइवेट इक्विटी ग्रुप कार्लाइल पीयर एडवेंट इंटरनेशनल के साथ यस बैंक में 3,750-4,500 करोड़ रुपए (500-600 मिलियन डॉलर) के निवेश पर विचार कर रहा है। ईटी के मुताबिक, बैंक निजी इक्विटी (पीई) निवेशकों के साथ 7,500-11,250 करोड़ रुपए (1-1.5 बिलियन डॉलर) की वृद्धि पूंजी जुटाने के लिए बातचीत कर रहा है। नियामक द्वारा यस बैंक को भारतीय स्टेट बैंक के नेतृत्व में रखने के बाद बैंक अपनी बैलेंस शीट को और मजबूत बनाने की कोशिश कर रहा है।
फरवरी 2021 में मिली थी फंड जुटाने की मंजूरी
यस बैंक के बोर्ड ने 21 जनवरी 2021 को क्वालिफाइड इन्स्टिटूशनल प्लेसमेंट और विदेशी मुद्रा परिवर्तनीय बांड के माध्यम से 10,000 करोड़ रुपए जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। यह मंजूरी 22 फरवरी, 2022 को समाप्त होनी थी। यस बैंक अभी तक निवेशकों को आकर्षित करने में सफल नहीं हुआ है। दिसंबर के अंत में, बोर्ड ने इक्विटी, बॉन्ड, वारंट या किसी अन्य इक्विटी लिंक्ड सिक्योरिटी के रूप में पूंजी जुटाने के पहले के प्रस्ताव के विस्तार को मंजूरी दी।
बैंक के शेयरों में मामूली तेजी
गुरुवार के कारोबार में यस बैंक के शेयर 0.78% की मामूली तेजी के साथ 12.98 रुपए पर बंद हुए थे। बैंक में प्रेफेरेंसीअल आवंटन के माध्यम से निजी इक्विटी निवेशकों द्वारा प्रस्तावित निवेश हो सकता है, यह वैसे ही होगा जैसा एक्सिस बैंक में बैन कैपिटल ने 2017 में किया था। इसमें बोस्टन स्थित पीई प्रमुख ने एक कंसोर्टियम का नेतृत्व किया, जिसने निराशाजनक अर्निंग के बाद एक्सिस बैंक के पूंजी आधार को बढ़ने के लिए 1.8 बिलियन डॉलर डाले थे।
महीने के अंत तक साफ होगी तस्वीर
एडवेंट और कार्लाइल दोनों ही मूल्यांकन के एडवांस चरण में हैं और इस महीने के अंत तक शर्तों को अंतिम रूप देने पर विचार कर रहे हैं। सूत्रों ने कहा, इसके बाद निवेश की मात्रा को अंतिम रूप दिया जाएगा। वर्तमान नियम गैर-प्रवर्तकों जैसे पीई खिलाड़ियों को बैंकों में 9.9% तक खरीदने की अनुमति देते हैं और यह भारतीय रिजर्व बैंक के अप्रूवल के अधीन है।
यस बैंक का मार्केटकैप 32,596.47 करोड़
यस बैंक का मौजूदा बाजार पूंजीकरण 32,596.47 करोड़ रुपए है। इस प्रकार बैंक में 10% हिस्सेदारी का मूल्य 3,259 करोड़ रुपए होगा। दोनों पीई बोर्ड के प्रतिनिधित्व के साथ 10% हिस्सेदारी के लिए देख रहे हैं। हालांकि, अगर शेयर की कीमत बढ़ती है, तो सौदे की रूपरेखा बदल सकती है और संभावित रूप से पटरी से उतर भी सकती है। मामले पर कार्लाइल ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। यस बैंक ने कोई जवाब नहीं दिया।
