ट्रक और बोलेरो की भिड़ंत में CRPF के तीन जवानों की मौत, एक गंभीर घायल

बस्ती
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में गुरुवार की देर रात भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में सीआरपीएफ के तीन जवानों की मौत हो गई। जबकि, एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज है। पुलिस की मानें तो सभी जवान 112 बटालियन के थे और बोलेरो कार से ड्यूटी पर जा रहे थे।
 

ये हादसा बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना अंतर्गत खजौला चौकी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर हुआ। प्राप्त समाचार के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से सीआरपीएफ की सी-112 कंपनी के जवानों की कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में मतदान में ड्यूटी लगी थी। गुरुवार की रात करीब 12:20 बजे जवान बोलेरो से गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। खजौला चौकी अंतर्गत नरियायांव गांव के पास बोलेरो की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो कार के परखच्‍चे उड़ गए।

वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। बोलेरो में सीआरपीएफ के चार जवान मौजूद थे जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर की सांस चल रही थी। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। जानकारी होने पर एसपी आशीष श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी वहां पहुंच गए। देर रात तक मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो पाई थी। उधर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने सीआरपीएफ के उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *