राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन 15 मार्च तक
रायपुर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के पत्र के परिपालन में कलेक्टर सौरभ कुमार ने अधिकारियों को राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता के प्रचार प्रसार के संबंध में निर्देशित किया है। कलेक्टर द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायपुर एवं नोडल अधिकारी (स्वीप) तथा सर्व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को इस संबंध में पत्र लिखकर निर्देशित किया जा चुका है।
कलेक्टर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा प्रत्येक मत के महत्व को रचनात्मकता के माध्यम से प्रदर्शित करने हेतु देश के समस्त नागरिकों के लिए मतदाता जागरुता पर आधारित माई वोट इस माई फ्यूचर – पावर आॅफ वन वोट शीर्षक पर राष्ट्रीय जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। आयोग द्वारा इस प्रतियोगिता का आयोजन 25 जनवरी से 15 मार्च 2022 तक 5 श्रेणियों में प्रस्तावित किया गया है। जिसमें क्विज प्रतियोगिता, वीडियो बनाओ प्रतियोगिता, पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता, गीत प्रतियोगिता और स्लोगन प्रतियोगिता शामिल है।
स्वीप के जिला नोडल अधिकारी मयंक चतुवेर्दी ने जिला शिक्षा अधिकारी, नागार्जुन शासकीय विज्ञान महाविद्यालय तथा नालंदा परिसर के प्रभारी अधिकारी को इस प्रतियोगिता के संबंध में विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने कहा है। जिससे अधिकाधिक प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने यह भी कहा है कि कॉलेज एवं स्कूलों के सूचना पटल में जानकारी चस्पा करने के साथ-साथ प्रध्यापकों, शिक्षकों, प्राचार्यों तथा विद्यार्थियों के विभिन्न समूहों में उक्त प्रतियोगिता की जानकारी साझा की जाए।
