PM मोदी के दौरे से पहले बढ़ा तनाव, BJP नेता ने शौचालय में लगाई जिन्ना की तस्वीर

अलीगढ़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 सितंबर को अलीगढ़ दौरे पर आएंगे। पीएम के आने से पहले ही अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में लगी पाकिस्तान के जनक मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर पर विवाद बढ़ गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से मोहम्मद अली जिन्ना की फोटो हटवाने के लिए विरोध जताया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिन्ना की तस्वीर शौचालय में लगा दी।

आपको बता दें कि भाजपा विष्णुपुरी मंडल के मीडिया प्रभारी शिवांग तिवारी रविवार को देर रात गांधी पार्क बस स्टैंड स्थित शौचालय में युवकों के साथ पहुंचे और जिन्ना की तस्वीर गंदे स्थान पर लगा दी। शिवांग तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक जिन्ना की तस्वीर यूनियन हॉल से नहीं हटाई जाती, इसी तरह विरोध करते रहेंगे। इस दौरान तरुण शर्मा, कौशल कुमार आदि मौजूद थे।

इससे पहले, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्र संघ दफ्तर में लगी मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर हटाने की मांग को लेकर भाजपा के विष्णुपरी मंडल के मीडिया प्रभारी शिवांग तिवारी ने प्रधानमंत्री को खून से खत लिखा था। खत लिखने के बाद उन्होंने उसको बृहस्पतिवार को प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दिया था।

शिवांग ने ये खत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित कर लिखा था। इस पत्र में शिवांग के साथ पुष्कर शर्मा, कौशल कुमार और तरुण शर्मा का भी नाम शामिल है। इससे पहले सांसद सतीश गौतम भी इसको लेकर मुहिम छेड़ चुके हैं, लेकिन जिन्ना की तस्वीर आज भी वहां मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *