रूस के हमले से यूक्रेन में पहले दिन मारे गए 137 लोग, राष्ट्रपति जेलेंस्की बोले- लड़ने के लिए हमें अकेला छोड़ दिया

कीव

रूस के हमले से यूक्रेन में भारी तबाही मची है। लड़ाई के पहले दिन 137 लोग मारे गए हैं। माना जा रहा है कि सैकड़ों लोग घायल भी हुए हैं। एएफपी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के हवाले से यह जानकारी दी है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि रूस से लड़ने के लिए यूक्रेन को अकेला छोड़ दिया गया है। वहीं, गुरुवार को यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको ने रूस के हमले में 57 यूक्रेनी नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की थी और 169 के घायल होने की जानकारी दी। ल्याशको ने कहा कि यूक्रेन के अधिकारी देश की स्वास्थ्य सुविधाओं को फिर से तैयार कर रहे हैं, ताकि शत्रुता के चलते हो रहे घटनाक्रम के बीच चिकित्सा सहायता की आवश्यकता वाले लोगों के लिए जगह बनाई जा सके।

रूसी सेना ने चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर कब्जा किया
रूसी सेना ने गुरुवार को उत्तरी यूक्रेन में पिपरियात शहर के पास चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर नियंत्रण कर लिया। रूसी संसद ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चेर्नोबिल पर रूसी सैनिकों ने कब्जा कर लिया है। चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर नियंत्रण करने का मतलब यह है कि रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव से मात्र 100 किलोमीटर दूर है।
 

बाइडेन ने रूस के खिलाफ कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन पर आक्रमणकारी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को चुना। उन्होंने रूस के खिलाफ कड़े आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा की, लेकिन रूसी बलों के खिलाफ युद्ध के लिए यूक्रेन में अमेरिकी बलों को भेजने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया रूस के खिलाफ एकजुट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *