यूरोपीय संघ का बड़ा एक्शन, रूस के 351 सांसदों पर लगाया प्रतिबंध

 ब्रुसेल्स।

रूस के खिलाफ यूरोपीय संघ के प्रतिबंध बुधवार से लागू हो गए। प्रतिबंधों की ‘पहली किश्त’ में 351 सांसदो और 27 हाई प्रोफाइल लोग व संस्थाओं के नाम शामिल हैं। इन हाई प्रोफाइल लोगों में कई अधिकारी व अरबपति शामिल हैं। यूरोपीय संघ के 27 देशों में इनसे जुड़ी संपत्तियां अब कभी भी जब्त की जा सकती है। इस सूची में वे लोग शामिल किए गए हैं, जो यूक्रेन के अलगाववादी हिस्सों की स्वतंत्रता को मान्यता देने के पक्ष में मतदान के जरिये या किसी दूसरे रूप से जुड़े रहे। ये लोग अब यूरोपीय संघ के देशों की यात्रा भी नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा जो वहां पहले से मौजूद हैं उन्हें कभी भी देश छोड़ने के लिए कहा जा सकता है। वहीं, यूरोपीय संघ के नेताओं ने गुरुवार शाम को आपातकालीन शिखर सम्मेलन करने की योजना बनाई है।

यूक्रेन पर रूसी हमले से 50 लाख लोग विस्थापित हो सकते हैंः अमेरिका
वहीं, बुधवार को अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि अगर रूस यूक्रेन पर आक्रमण करता है, तो कम से कम 50 लाख विस्थापित हो सकते हैं। विश्व निकाय में अमेरिका की राजदूत लिंडा थॉमस-ग्रीनफील्ड ने कहा कि अगर रूस हमले का रास्ता अपनाता है हमारे अनुमान के अनुसार, एक नया शरणार्थी संकट पैदा कर सकता है, जो दुनिया का आज तक का सबसे बड़ा विस्थापन होगा। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर इस संकट के समाधान का कूटनीतिक हल निकालने का प्रयास करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *